Home अपराध Lucnow : घायलावस्था में मिले युवक की इलाज के दौरान हुई मौत,...

Lucnow : घायलावस्था में मिले युवक की इलाज के दौरान हुई मौत, परिजनों ने शव सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन

0
155

राजधानी लखनऊ के निशातगंज इलाके स्थित रेलवे ट्रैक पर तकरीबन 16 दिन पहले घायलावस्था में मिले तौहीद की रविवार देर रात इलाज के दौरान ट्रामा सेंटर में मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृत युवक का शव मिलते ही परिजन घर पहुंचे और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करते हुये लवकुश नगर चौराहे पर प्रदर्शन किया। इस दौरान शव रखकर रास्ता भी जाम करने की बात सामने आ रही है। परिजन पुलिस के रवैये के चलते नाराज बताये जा रहे थे। हालांकि इस दौरान पुलिस के आलाधिकारियों और एसडीएम के समझाने पर परिजन शांत हुये।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने पीड़ित परिजनों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। वहीं जिला प्रशासन की तरफ से मृतक की पत्नी को विधवा पेंशन दिलाने का भी वादा किया गया है।

जानकारी के अनुसार राजधानी के गाजीपुर थाना क्षेत्र स्थित लवकुश नगर निवासी तौहीद बैट्री रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। तौहीद को बीते 4 सितम्बर की रात गंभीर हालत में पुलिस ने केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया था। तौहीद के पिता शकील के मुताबिक 4 सितम्बर की रात करीब 10ः30 बजे शुभम और आनन्द नाम के दो युवक घर से उनके बेटे को बुलाकर ले गये थे। यह दोनों आरोपित मृतक के दोस्त बताये जा रहे हैं। शकील की माने तो उसी रात (4 सितम्बर) पुलिस ने सूचना दी कि तौहीद की हालत गंभीर है, उसको चोटें आई हैं। जिसके कारण तौहीद को केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस की बात सुनकर शकील अपने बेटे को देखने ट्रामा सेंटर पहुंचे। जहां पर वह बेहोश हालत में पड़ा था। डॉक्टर उसका इलाज कर रहे थे।

यह भी पढ़ें -  Mann Ki Baat 100th Episode: हरदीप पुरी बोले- मन की बात कार्यक्रम महज रेडियो नहीं, विश्व का पावरफुल टूल

पीड़ित शकील की माने तो उसके बेटे तौहीद ने होश में आने के बाद बताया कि शुभम और आनन्द ने उसे नशे की हालत में जान से मारने की कोशिश की। इतना ही नहीं तौहीद को मरा हुआ समझ कर आरोपित शुभम और आनन्द मौके से भाग गये। लोगों में बढ़ते आक्रोश को देखते हुये मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

पीड़ित परिजनों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया है। पीड़ित परिजनों ने बताया कि जब घायल अवस्था के दौरान होश में आने के बाद तौहीद ने बयान दिया था। उसी आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। बाद में आरोपित शुभम और आनन्द को पुलिस ने पकड़ने के बाद छोड़ दिया। पीड़ित परिजन आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे।

एसीपी गाजीपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तरफ से मिली तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी। यदि कोई दोषी होगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। हालांकि पुलिस दुर्घटना के एंगल पर भी जांच कर रही है। रेलवे ट्रैक के किनारे तौहीद घायल अवस्था में मिला था। उन्होंने बताया कि ऐसी भी आशंका है कि ट्रेन की चपेट में आने से युवक घायल हुआ हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here