मिडिल ईस्ट में ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच सीजफायर के बाद भी तनाव का माहौल बना हुआ है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी ईरान को लगातार धमकी दे रहे हैं। ऐसा डर सता रहा है कि इन देशों के बीच एक बार फिर से जंग शुरू हो सकती है। मिडिल ईस्ट में इस स्थिति के बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई है। खबर आई है कि दोनों नेताओं के बीच फोन पर 40 मिनट तक बातचीत हुई है।
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर की ओर से दी गई जानकारी मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी के मुद्दे पर चर्चा की है। अमेरिकी राजदूत ने ये भी बताया है कि आने वाले कुछ दिनों और हफ्तों में भारत और अमेरिका के बीच ऊर्जा समेत कई महत्वपूर्ण समझौतों की उम्मीद है।
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच हुई बातचीत के बारे में जानकारी दी है। सर्जियो गोर की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा, “मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि हम सब आपसे प्यार करते हैं।” सर्जियो गोर का कहना है कि भारत-अमेरिका संबंध मजबूत स्थिति में हैं।
डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई बातचीत को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी जानकारी दी है। पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर बताया- “मुझे मेरे मित्र राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फोन आया। हमने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की। हम सभी क्षेत्रों में अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की और होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला और सुरक्षित रखने के महत्व पर बल दिया।”








