Home अपराध लखीमपुर खीरी में आंबेडकर जयंती पर बवाल, उग्र भीड़ ने पलटी मजिस्ट्रेट...

लखीमपुर खीरी में आंबेडकर जयंती पर बवाल, उग्र भीड़ ने पलटी मजिस्ट्रेट की गाड़ी

0
135

बांकेगंज (लखीमपुर खीरी) : थाना मैलानी क्षेत्र के मोतीपुर गांव में विवादित जमीन पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर मंगलवार शाम बड़ा बवाल हो गया। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और पुलिस पर पथराव, वाहनों में तोड़फोड़ व आगजनी की घटनाएं सामने आईं। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। बवाल में 20 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। डीएम-एसी ने मौके पर पहुंचकर हालातों का जायजा लिया।

गांव मोतीपुर में गुरुद्वारे के सामने स्थित ग्राम पंचायत की खाद गड्ढा भूमि को लेकर पहले से विवाद चल रहा है, जो न्यायालय में विचाराधीन है। इसी बीच अंबेडकर जयंती के अवसर पर कुछ लोगों ने उक्त जमीन पर प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया, जिससे तनाव बढ़ गया। मौके पर पहुंचे बांकेगंज चौकी प्रभारी संतोष तिवारी ने प्रतिमा हटवाने की कोशिश की, जिस पर कुछ लोग उग्र हो गए और धक्का-मुक्की शुरू कर दी।

इस दौरान चौकी प्रभारी का बिल्ला भी फट गया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी रमेश कुमार तिवारी और अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भी पहुंचे, लेकिन भीड़ शांत नहीं हुई। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया और हाथापाई करते हुए पथराव करने लगी। मजिस्ट्रेट की गाड़ी समेत कई वाहनों को पलट दिया। एक कार को आग के हवाले कर दिया गया, जबकि कई अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की गई। हालात नियंत्रण से बाहर होते देख पुलिस को पीछे हटना पड़ा। हालात बेहद खराब होने पर बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी को मौके पर भेजा गया।

पीएसी ने लाठीचार्ज कर किसी तरह से उपद्रवियों को खदेड़ कर हालातों को नियंत्रित किया। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने मौके पर पहुंचकर हालातों का जायजा लिया। पुलिस कस्बे में पैदल मार्च कर रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने प्रतिमा हटाकर आस्था को ठेस पहुंचाई, जबकि पुलिस का कहना है कि जमीन विवादित होने के कारण यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश थे।

यह भी पढ़ें -  DBRAU Agra: बीएएमएस मामले में बड़ा खुलासा, 14 छात्रों की बदल गईं थीं कॉपी, सभी में हैंडराइटिंग अलग

इसी को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। हंगामे के दौरान करीब सात चौपहिया वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और एक दुकान में भी तोड़फोड़ की गई। घटना में 20 पुलिसकर्मी और कई ग्रामीण घायल हुए हैं। सूचना पर एसडीएम प्रतिभा त्रिपाठी और तहसीलदार भीमचंद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

थानाध्यक्ष बृजेश कुमार मौर्य ने बताया कि जमीन विवादित है और मामले का निस्तारण होने तक दोनों पक्षों को यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद प्रतिमा रखे जाने पर उसे हटाया गया। महिला पक्ष को भी निर्माण कार्य से रोका गया था। घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। एक पक्ष का दावा है कि जमीन का बैनामा कराया जा चुका है, जबकि ग्रामीण इसे ग्राम समाज की भूमि बता रहे हैं। इसी विवाद के चलते तनाव गहराया।

विवादित जमीन पर कुछ लोगों ने प्रतिमा रखने की कोशिश की थी। इस पर पुलिस ने समझा बुझाकर हटवा दिया गया था। इसी बीच कुछ लोगों ने पुलिस से हाथापाई और पथराव शुरू कर दिया। हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ दिया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है… अमित कुमार राय एएसपी पश्चिमी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here