Home अपराध डंपर ने बाइक सवार सरकारी टीचर और पत्नी को उड़ाया, दोनों की...

डंपर ने बाइक सवार सरकारी टीचर और पत्नी को उड़ाया, दोनों की मौके पर मौत

0
85

झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक सरकारी शिक्षक और उनकी पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार यह भीषण दुर्घटना सीकर-उदयपुरवाटी रोड पर गोल्याणा और रामपुरा के बीच स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार दोनों पति-पत्नी सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान सीकर जिले के रेटा गांव निवासी अशोक गुर्जर (32) और उनकी पत्नी पूजा (25) के रूप में हुई है। अशोक गुर्जर सरकारी विद्यालय में अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि दोनों किसी पारिवारिक कार्य से रेटा से चेच्यावाली ढाणी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बीच रास्ते यह हादसा हो गया।

यह भी पढ़ें -  बेंगलुरु के जिस तकनीकी विशेषज्ञ को नौकरी से निकाल दिया गया था, वह जॉब लीड पाने के लिए रैपिडो ड्राइवर बन गया

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही गोठड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में दोनों के शवों को एसके अस्पताल सीकर की मोर्चरी में रखवाया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों में डंपर चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार अशोक और पूजा की शादी करीब चार साल पहले ही हुई थी और उनका खुशहाल जीवन इस हादसे में एक पल में खत्म हो गया। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here