प्रयागराज : शहर के साउथ मलाका इलाके से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक घर के अंदर से तीन लोगों के शव बरामद किए गए हैं। यहां बंद कमरे में पिता-पुत्री और मां की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घर का दरवाजा बाहर से बंद था। कमरे से बदबू आने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। तीनों की लाश अंदर बरामद की गई। मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची है। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। हालांकि इसे हत्या का मामला माना जा रहा है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
दरअसल, प्रयागराज के कोतवाली के साउथ मलाका चौराहे पर तीन लोगों का शव उनके घर में मिला है। जानकारी के मुताबिक लाशें कई दिन पुरानी बताई जा रही हैं। मंगलवार को दोपहर में जब शवों से दुर्गंध उठने लगी तो आस-पास के लोगों को कुछ शक हुआ। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को बुलाया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दरवाजा तोड़ा। पुलिस ने देखा तो कमरे में वीरेंद्र वैश्य, उनकी पत्नी और उनकी बेटी मीनाक्षी की लाश अलग-अलग पड़ी मिली। तीनों के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। फिलहाल फॉरेंसिक टीम ने मौके से फिंगर प्रिंट सहित कई क्लू जुटाये हैं।
जानकारी के मुताबिक मृतक का बेटा कई दिनों से घर से गायब है। पुलिस यह पता लगा रही है कि वह कहां गया है। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक साउथ मलाका के मुख्य चौराहे पर तीन मंजिला मकान मौजूद है। इसमें नीचे अलग-अलग दुकानें बनी हैं, जबकि ऊपर लोग रहते हैं। आस-पास के लोगों के मुताबिक कई दिनों से इस घर से कोई बाहर नहीं निकला था और आज जब बदबू आने लगी तब शक हुआ। फिलहाल पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद ही साफ होगा कि इनको कैसे मारा गया। पुलिस इनके परिवार में प्रॉपर्टी को लेकर चल रहे विवाद का भी पता लगा रही है।








