यूपी के सहारनपुर में एक पत्नी के सामने उसके पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। दोनों की 4 महीने पहले ही लव मैरिज हुई थी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। सहारनपुर के रामपुर मनिहारान क्षेत्र में मंगलवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा देने आई युवती के सामने उसके पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पत्नी ने अपने ही भाई पर हत्या का आरोप लगाया है।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परीक्षा केंद्र के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक युवक और परीक्षा देने आई उसकी पत्नी ने 4 माह पहले ही प्रेम विवाह किया था।
जानकारी के मुताबिक, शामली जिले के बाबरी थाना क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय शिव कुमार अपनी पत्नी आकांक्षा को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए सहारनपुर के रामपुर मनिहारान स्थित गोचर इंटर कॉलेज लेकर आए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों कार से घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान आकांक्षा का भाई मंजीत वहां पहुंच गया और उनकी कार रुकवा ली।
बताया जा रहा है कि मंजीत ने अपनी बहन से उसके साथ घर चलने को कहा, लेकिन उसने इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर मंजीत और शिव कुमार के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर मंजीत ने शिव कुमार के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतक की पत्नी आकांक्षा ने बताया कि उसने करीब चार माह पहले शिव कुमार से प्रेम विवाह किया था। परिवार इस रिश्ते का विरोध कर रहा था। उसका आरोप है कि इसी रंजिश के चलते उसके भाई ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। मृतक के भाई शिवम कुमार ने भी पारिवारिक विरोध को घटना की वजह बताया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।








