योगी सरकार ने प्रदेश की सड़क और कनेक्टिविटी परियोजनाओं को गति देने के लिए बुधवार को 20 महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए 101.23 करोड़ रुपये जारी कर दिए। इनमें शहरों के बाईपास, फ्लाईओवर और राज्य मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की योजनाएं शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में पांच बाईपास एवं फ्लाईओवर परियोजनाओं के लिए 23.56 करोड़ रुपये और 15 राज्य मार्ग परियोजनाओं के लिए 77.66 करोड़ रुपये जारी करने का शासनादेश जारी किया है।
जारी धनराशि से प्रदेश के कई जिलों में लंबे समय से चल रही सड़क परियोजनाओं को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। सरकार का फोकस धार्मिक, पर्यटन और औद्योगिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत करने पर है। सरकार ने पांच प्रमुख परियोजनाओं के लिए 23.56 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इनमें अलीगढ़ के एटा चुंगी फ्लाईओवर के लिए 14.06 करोड़ रुपये, उन्नाव के बक्सर बाईपास के लिए 1.90 करोड़ रुपये, बलिया में नरायनपुर-रामनगर मार्ग चौड़ीकरण के लिए चार करोड़ रुपये, बहराइच बाईपास एवं सरयू नदी पर सेतु निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपये तथा सीतापुर के नैमिषारण्य बाईपास के लिए 60 लाख रुपये शामिल हैं।
राज्य मार्गों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की 15 परियोजनाओं के लिए 77.66 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 20 करोड़ रुपये कौशांबी पर्यटन स्थल को प्रयागराज मुख्यालय और एयरपोर्ट से जोड़ने वाली 31.85 किमी लंबी फोरलेन परियोजना को दिए गए हैं। फतेहपुर-बहुआ-हिनौता मार्ग के चौड़ीकरण के लिए 26.22 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
राजधानी लखनऊ में कुर्सी मार्ग पर अलीगंज नया हनुमान मंदिर से नीरा नर्सिंग होम तक संकरे हिस्से के चौड़ीकरण के लिए 2.33 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे इस इलाके में लंबे समय से बनी जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।








