कौशांबी जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। पिपरी और पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र की सीमा पर एक पटाखा गोदाम में भीषण विस्फोट हुआ है। धमाका इतना जोरदार बताया जा रहा है कि आसपास के 6 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में 11 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है। वहीं 5 लोगों के घायल होने की बात भी सामने आ रही है। फिलहाल घायलों को प्रयागराज रेफर किया जा रहा है। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
दरअसल, कौशांबी में सोमवार सुबह करीब 11 बजे एक पटाखा गोदाम में जोरदार धमाका होने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि पिपरी और पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र की सीमा पर आदित्य नाम से संचालित बताए जा रहे पटाखा गोदाम में अचानक तेज विस्फोट हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट की चपेट में आने से 6 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव दल भी मौके पर पहुंचकर मलबे में किसी के दबे होने की आशंका को देखते हुए बचाव अभियान में जुटे हैं। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई है। हादसे के बाद 5 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें प्रयागराज के SRN अस्पताल में भेजा गया था। घायलों को ट्रामा सेंटर में लाया गया है।
पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट मामले में डीएम अमित कुमार पाल ने 11 की मौत की पुष्टि की है। अभी भी मलबे से लोगों को निकाला जा रहा है। 8 से 10 जेसीबी मशीन लगा कर लगतार सुबह से ही रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अभी भी लोगों को अपनों का इंतजार है। मौके पर एटीएस के लोग भी तफ़्तीश कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि फिलहाल पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता राहत एवं बचाव कार्य है। घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। धमाका किस वजह से हुआ और गोदाम में कितनी मात्रा में पटाखे रखे गए थे, इसकी भी जांच की जा रही है। वहीं मौके पर आईजी, डीआईजी और एसपी समेत कई वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं।
सीएम योगी ने एक्स पर एकप पोस्ट में हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “जनपद कौशांबी में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। स्थानीय अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिवारों से संपर्क कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को ₹02-02 लाख तथा घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु भी निर्देशित किया है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”








