बाराबंकी। आम आदमी पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुए कथित ट्रेड डील के विरोध में उत्तर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर एक साथ प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने समझौते की प्रतियां जलाकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और डील को तत्काल निरस्त करने की मांग की।
पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आवाह्न पर हुए प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष जुगराज सिंह ने कहा कि यह ट्रेड डील नहीं, थ्रेट डील है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने भारतीय कृषि बाजार को अमेरिकी हितों के लिए खोल दिया है, जिससे किसानों और छोटे व्यापारियों को नुकसान होगा। जुगराज सिंह ने कहा कि अमेरिकी दबाव में रूस से सस्ता तेल खरीद बंद कर महंगा तेल लेने का फैसला देशहित के खिलाफ है।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भारत अपनी आर्थिक नीतियों पर स्वयं निर्णय लेने में सक्षम नहीं है। पार्टी ने डील की शर्तों को सार्वजनिक करने और पारदर्शिता की मांग की। बाराबंकी में प्रदर्शन के दौरान प्रशासन की सख्ती पर पार्टी ने नाराजगी जताई और इसे अलोकतांत्रिक बताया। ज्ञापन में डील को देश, किसानों और स्वाभिमान के खिलाफ बताते हुए इसे तुरंत रद्द करने की मांग की गई।
प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ नफीस अंसारी, जिला महासचिव चांद बाबू, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अरविंद यादव, महिला जिलाध्यक्ष अफसाना बानो, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष नन्हेराम यादव, पूर्व जिला उपाध्यक्ष नफील खान, विधानसभा अध्यक्ष रामनगर राजू शुक्ला, शिक्षक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष अजय कुमार वर्मा सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।








