Home उत्तर प्रदेश सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी पर अखिलेश का सरकार पर तीखा हमला

सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी पर अखिलेश का सरकार पर तीखा हमला

0
71

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महंगाई और एलपीजी सिलेंडर की कीमतों को लेकर केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है और सरकार टैक्स बढ़ाकर लोगों पर बोझ डाल रही है।

अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि आज ही एलपीजी सिलेंडर पर करीब 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। सरकार का कहना है कि कुछ परिस्थितियों के कारण कीमतें बढ़ानी पड़ रही हैं और बाद में कम कर दी जाएंगी, लेकिन एक बार जो चीज महंगी हो जाती है वह दोबारा सस्ती नहीं होती।

उन्होंने आरोप लगाया कि जहां-जहां भाजपा की सरकार है, वहां लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गाड़ियों की कीमतें बढ़ने का एक बड़ा कारण भारी टैक्स है, जो कई मामलों में 50 प्रतिशत तक है। उन्होंने कहा, “हमारी समझ में एक ही बात आती है कि जब जाएंगे भाजपाई, तभी हटेगी महंगाई।”

इस बीच, आगामी यूपी विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी में नेताओं के शामिल होने का सिलसिला भी जारी है। शनिवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व नेता और संत कबीर नगर से पूर्व लोकसभा प्रत्याशी रोहित पांडेय ने सपा की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ डीएनएनएस यादव, पूर्व पुलिस अधिकारी राजीव गुप्ता समेत कई अन्य लोगों ने भी पार्टी जॉइन की।

यह भी पढ़ें -  राहुल ने सरकार की खिंचाई की, कहा- 'अहंकार और तानाशाही' पर सच्चाई की जीत होगी

इस दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा बार-बार सपा की नई-नई छवि पेश करने की कोशिश करती है। उन्होंने हाल ही में वायरल हुए “कट्टा” वाले गीत का जिक्र करते हुए कहा कि यह सपा की छवि खराब करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि इस गाने के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और यदि कार्रवाई नहीं होती है तो इसके पीछे भाजपा की भूमिका मानी जाएगी।

अखिलेश ने कहा कि जिस सरकार ने प्रदेश में एक्सप्रेसवे, लोकभवन और गोमती रिवर फ्रंट जैसे बड़े विकास कार्य किए हों, उसके बारे में इस तरह के गीत बनाना गलत है। उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार के दौरान सबसे अधिक थर्मल पावर प्लांट लगाए गए और विकास के कई बड़े काम किए गए।

वहीं सपा में शामिल हुए रोहित पांडेय ने कहा कि भाजपा देश को पीछे ले जा रही है, जबकि सपा प्रमुख अखिलेश यादव का विजन साफ है। उन्होंने कहा कि पहले यह धारणा थी कि सवर्ण वोट केवल भाजपा को मिलता है, लेकिन लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने इस धारणा को तोड़ दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here