Home अपराध सूटकेस में मिला कांग्रेस नेता हिमानी का शव

सूटकेस में मिला कांग्रेस नेता हिमानी का शव

0
206

रोहतक: हरियाणा के रोहतक जिले के सांपला कस्बे में कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता का शव एक सूटकेस में बरामद हुआ। शव की पहचान कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता हिमानी नरवाल के रूप में हुई, जो कांग्रेस की सक्रिय सदस्य थीं। वह राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी शामिल हुई थीं। इसके अलावा पहले वह पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र सिंह हुड्डा के चुनाव प्रचार में भी सक्रिय रही हैं। अब हिमानी नरवाल की मां ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि चुनाव और पार्टी ने उनकी बेटी की जान ले ली। उनका कहना है कि पार्टी की ओर से अभी तक किसी ने जानकारी नहीं ली है।

मृतक महिला कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की मां सविता ने बताया, “चुनाव और पार्टी ने मेरी बेटी की जान ले ली। इस वजह से उसने कुछ दुश्मन बना लिए। ये (अपराधी) पार्टी से भी हो सकते हैं, उसके दोस्त भी हो सकते हैं। 28 फरवरी को वह घर पर थी। हमें पुलिस स्टेशन से (घटना के बारे में) फोन आया, जिसके बाद हमें इसकी जानकारी मिली। मेरी बेटी आशा हुड्डा (भूपिंदर सिंह हुड्डा की पत्नी) के बहुत करीब थी, जब तक उसे न्याय नहीं मिल जाता, मैं उसका अंतिम संस्कार नहीं करूंगी।”

उन्होंने आगे कहा, “मेरे बड़े बेटे की 2011 में हत्या कर दी गई और हमें कभी न्याय नहीं मिला। हम डर में रहते थे। मैं अपने दूसरे बेटे को यहां से लेकर BSF कैंप चली गई। चुनाव के बाद, हिमानी पार्टी से थोड़ा निराश हो गई थी। उसने कहा कि उसे नौकरी चाहिए और वह पार्टी के लिए ज्यादा काम नहीं करना चाहती। वह पिछले 10 सालों से कांग्रेस से जुड़ी हुई थी। वह शादी करने के लिए भी राजी हो गई थी। मैंने खुद सुबह आशा हुड्डा को फोन किया था, लेकिन मेरा फोन रिसीव नहीं हुआ।” मृतका के भाई जतिन ने बताया, “उन्होंने राहुल गांधी के साथ पदयात्रा भी की थी।”

यह भी पढ़ें -  आगरा: अफसरों की गाड़ियां चेक करने वाले सपा-रालोद के नेताओं पर मुकदमा, एसएसपी ने दिए गिरफ्तारी के आदेश

वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस मामले पर कहा, “उसका शव अभी शवगृह में है। कांग्रेस कार्यकर्ता वहां गए हैं, स्थानीय विधायक के सहयोगी वहां गए हैं। स्थानीय विधायक भारत भूषण बत्रा उनसे मिलने जाएंगे, वे संपर्क में हैं। हमने जांच की मांग की है और कहा है कि दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। चाहे वह पार्टी का कोई व्यक्ति था या बाहर का, यह जांच से ही पता चलेगा।”

वहीं कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, “इस घटना ने न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। एक बार फिर हरियाणा से कानून व्यवस्था की विफलता का उदाहरण सामने आया है। हम मांग करते हैं कि तुरंत एसआईटी का गठन किया जाए और उच्च स्तरीय जांच हो। दोषियों को पकड़ा जाए और मृतक के परिवार को न्याय मिले। हम न्याय के लिए हर संभव लड़ाई लड़ेंगे। जब तक मृतक के परिवार को न्याय नहीं मिल जाता, हम अपनी आवाज उठाते रहेंगे। कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाना चाहिए।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here