Home अंतरराष्ट्रीय रामनवमी पर चमका सोने-चांदी का बाजार, जानिए आज का ताजा भाव

रामनवमी पर चमका सोने-चांदी का बाजार, जानिए आज का ताजा भाव

0
77

दिल्ली। वायदा कारोबार में सोने की कीमत शुक्रवार को 1,997 रुपये उछलकर 1.41 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। वैश्विक बाजारों में मजबूती और भारी गिरावट के बाद निचले स्तर पर खरीदारी के चलते सोने के दाम में तेजी आई है।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में अप्रैल माह में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 1,997 रुपये यानी 1.43 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,41,490 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। बृहस्पतिवार को शाम के सत्र में यह 4,604 रुपये यानी 3.2 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,39,493 रुपये पर बंद हुआ था।

इसी तरह जून डिलीवरी वाले अनुबंध का भाव भी 1,811 रुपये यानी 1.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,44,325 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पिछले सत्र में सोना वायदा 4,926 रुपये या 3.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,42,514 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया था। रामनवमी के अवसर पर जिंस बाजार बृहस्पतिवार को सुबह के सत्र में बंद रहे थे और शाम के सत्र में कारोबार फिर से शुरू हुआ था।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स पर अप्रैल डिलीवरी वाले सोने का भाव 89.1 डॉलर यानी 2.04 प्रतिशत बढ़कर 4,465.4 डॉलर प्रति औंस हो गया। वहीं, जून अनुबंध भी 80.55 डॉलर यानी 1.83 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,489.55 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।

इंडसइंड सिक्योरिटीज में वरिष्ठ शोध विश्लेषक जिगर त्रिवेदी ने कहा, “पिछले सत्र में भारी गिरावट के बाद सोना 4,400 डॉलर प्रति औंस के ऊपर निकल गया, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को युद्ध समाप्त करने के समझौते के लिए दी गई समयसीमा आगे बढ़ा दी है।

यह भी पढ़ें -  दिल्ली रिकॉर्ड 535 ताजा कोविद मामले, सकारात्मकता दर 23.05%

वायदा कारोबार में शुक्रवार को चांदी की कीमत 6,911 रुपये उछलकर 2.26 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध का खतरा फिलहाल टलने से निवेशकों का भरोसा लौटने से चांदी के भाव में तेजी आई।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में मई महीने में आपूर्ति वाले चांदी की कीमत 6,911 रुपये यानी 3.14 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,26,785 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। बृहस्पतिवार को शाम के सत्र में चांदी वायदा 14,960 रुपये यानी 6.37 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 2,19,874 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही थी।

रामनवमी के अवसर पर जिंस बाजार बृहस्पतिवार को सुबह के सत्र में बंद रहे थे और शाम के सत्र में कारोबार के लिए खुले। अंतरराष्ट्रीय बाजार में न्यूयॉर्क के कॉमेक्स (जिंस बाजार) में मई अनुबंध के लिए चांदी का वायदा भाव 2.02 डॉलर यानी तीन प्रतिशत की बढ़त के साथ 69.96 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।

ऑगमोंट की शोध प्रमुख रेनिशा चैनानी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर सैन्य हमलों को 10 दिनों के लिए रोकने के फैसले से चांदी की कीमतों में सुधार आया है।

हालांकि, शांति वार्ता को ईरान द्वारा खारिज किए जाने के बाद ट्रंप की कड़ी सैन्य कार्रवाई की चेतावनी ने कीमती धातुओं की तेजी पर अंकुश लगाया।” उनके अनुसार, चांदी फिलहाल 66 डॉलर प्रति औंस (लगभग 2.19 लाख रुपये प्रति किलो) के प्रमुख समर्थन स्तर से ऊपर बनी हुई है और निकट भविष्य में इसके 66-75 डॉलर के दायरे में रहने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here