गोंडा : मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के गोंडा–मनकापुर मार्ग स्थित झिलाही बाजार में बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मुर्गा लदी तेज रफ्तार पिकअप और अर्टिगा कार के बीच आमने-सामने की टक्कर से हुआ।
पुलिस के अनुसार बलरामपुर की ओर से मुर्गा लादकर आ रही पिकअप और मनकापुर से गोंडा की तरफ जा रही अर्टिगा कार की झिलाही बाजार के पास जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में रेतादलसिंह, तरबगंज निवासी अंकित कसौधन (24) की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। वहीं नैना देवी (23) को सिर में गंभीर चोट आई है। किरण देवी (40) बेहोशी की हालत में हैं और उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। अमन कसौधन (18) तथा कार्तिक (3) भी गंभीर रूप से घायल हैं। पिकअप पर सवार धनीराम नामक मजदूर को भी चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मनकापुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ. रवीश रिजवी ने घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला मुख्यालय गोंडा रेफर कर दिया।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिकअप वाहन अपने सही साइड पर था, जबकि कार विपरीत दिशा में चली गई थी।
आशंका जताई जा रही है कि देर रात होने के कारण कार चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। मनकापुर कोतवाल अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।








