फर्रुखाबाद: समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक विजय सिंह के फर्रुखाबाद स्थित घर पर हुए विस्फोट के मामले में उनके दोनों बेटों सहित छह लोगों के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या के जुर्म में उम्रकैद की सजा काट रहे सपा के पूर्व विधायक विजय सिंह के फर्रुखाबाद स्थित घर पर मंगलवार को अचानक हुए तेज धमाके में पांच लोग घायल हो गए थे। शहर कोतवाली के उपनिरीक्षक इमरान फरीद द्वारा दर्ज मुकदमे में कहा गया है कि वह मंगलवार को अपनी टीम के साथ साहबगंज चौराहे पर वाहनों की जांच पड़ताल कर रहे थे, इसी दौरान एक ई-रिक्शा में दो युवकों को अस्पताल ले जाया जा रहा था, जो झुलस गए थे।
फरीद ने बताया कि पूछताछ में घायलों की पहचान अविनाश उर्फ विक्की और अभिषेक उर्फ सिक्की के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो वहां अफरातफरी का माहौल था और चीख-पुकार मची हुई थी।
पुलिस उप निरीक्षक ने बताया कि जिस मकान में विस्फोट हुआ था, वहां चारों ओर मलबा फैला हुआ था, और इस दौरान उसमें दबे भैयालाल नामक व्यक्ति को गंभीर हालत में बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया। घटना में ईशू चौरसिया, रामवीर यादव, राशू मिश्रा समेत अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब आठ बजे जोरदार धमाका हुआ, जिससे मकान की तीसरी मंजिल तक खिड़कियां, दरवाजे और छत क्षतिग्रस्त हो गईं। आसपास के घरों में भी कंपन महसूस किया गया।
पुलिस जांच में बेसमेंट से विस्फोटक पदार्थों की गंध आने की पुष्टि हुई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि मकान में अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का संग्रह या निर्माण किया जा रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना रहा और कुछ समय के लिए जनजीवन भी प्रभावित हुआ।
पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। मंगलवार रात को घटनास्थल पर पहुंचे जिले के आला अधिकारियों ने गहन छानबीन के बाद कानपुर से फॉरेंसिक टीम को बुलाया। पूर्व सपा विधायक विजय सिंह भाजपा के कद्दावर नेता ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या के जुर्म में वाराणसी जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है।








