Home Trending न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को हराकर सीरीज में खोला जीत का खाता

न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को हराकर सीरीज में खोला जीत का खाता

0
99

भारत और न्यूजीलैंड के बीच विशाखापत्तनम के ACA-VDCA क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए चौथे T20I मुकाबले में टीम इंडिया को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। 216 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई और मेजबान टीम 50 रन से मुकाबला गंवा बैठी। भारतीय पारी के दौरान ज्यादातर बल्लेबाज फ्लॉप रहे, हालांकि शिवम दुबे ने एक समय चमत्कार की उम्मीद जरूर जगा दी, लेकिन उनकी तूफानी पारी भी टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं साबित हुई।

भारतीय पारी की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव महज 8 रन ही बना सके। टॉप चार में से कोई भी बल्लेबाज 30 रन का आंकड़ा तक नहीं छू पाया, जिससे भारतीय टीम दबाव में आ गई। संजू सैमसन इस मैच में अच्छी लय में नजर आए। उन्होंने 15 गेंदों में 24 रन बनाए, लेकिन मिचेल सैंटनर की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। इसके बाद भारतीय पारी बिखरती चली गई।

मिडिल ऑर्डर में रिंकू सिंह और शिवम दुबे ने कुछ हद तक मुकाबला संभालने की कोशिश की। खासकर दुबे ने ऐसी बल्लेबाजी की, जिसने स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को एक पल के लिए जीत की उम्मीद दिला दी। शिवम दुबे ने आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया और बेहद कम समय में मैच को रोमांचक बना दिया। दुबे ने सिर्फ 23 गेंदों में 65 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 7 छक्के और 3 चौके शामिल रहे। उन्होंने महज 15 गेंदों में अर्धशतक जड़कर भारतीय टीम की जीत की उम्मीद जगा दी। हालांकि, दुबे का आउट होना भारत के लिए निर्णायक साबित हुआ। वह नॉन-स्ट्राइकर एंड पर तब रन आउट हो गए, जब हर्षित राणा का शॉट गेंदबाज मैट हेनरी के हाथ से टकराकर सीधे स्टंप्स पर जा लगा। इस तरह भारत को बहुत बड़ा झटका लग गया।

यह भी पढ़ें -  केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने डिफेंस शिपयार्ड को किया सम्मानित, कहा- वे नेवी, कोस्ट गार्ड को मजबूत करते हैं

दुबे के आउट होते ही भारत की जीत की सारी उम्मीदें टूट गईं। भारतीय टीम 18.4 ओवर में 165 रन पर ढेर हो गई और न्यूजीलैंड ने 50 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस हार के साथ भारत को सीरीज में पहली बार शिकस्त झेलनी पड़ी, जबकि न्यूजीलैंड ने जोरदार वापसी करते हुए मुकाबले को यादगार बना दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here