- दोनो का 6 साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
अक्षत टाइम्स संवाददाता, पुरवा, उन्नाव। पुरवा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ सोहरामऊ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला का विवाह दो साल पूर्व हुआ था। महिला का बंथरा थाना क्षेत्र के लतीफनगर निवासी विशाल कुमार कश्यप (28) पुत्र कल्लू कश्यप का 6 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। विवाह के बाद भी महिला का अपने प्रेमी से वार्तालाप व मुलाकात का चोरी छिपे सिलसिला चल रहा था। हलांकि तीन माह पहले से उसने बात चीत बंद कर दी जिससे प्रेमी विशाल नाराज था। दो दिन पहले उसने महिला को फोन कर ससुराल आने की बात कही जबकि महिला ने मना किया। गुरूवार सुबह बाइक से महिला की ससुराल पहुचे विशाल ने दरवाजा खटखटाया पति के निकलने पर उसने स्वयं को महिला का बहनोई बताया। जैसे ही महिला सामने आयी तो विशाल ने पिस्टल निकाल कर उसके पेट में ताबड़तोड़ दो फायर झोंक दिए। गोली की आवाज सुनते ही मोहल्ले के लोग निकल आए। पति समेत ग्रामीणों ने उसे दौड़ाया तो बाइक छोड़ पर भागने लगा। पीछा करने के दौरान भी उसने ग्रामीणों पर फायर झोंके फायर की आवाज सुन परिजन व मोहल्ले के लोगों की भीड़ लग गई। परिजन घायल महिला को लेकर सीएचसी पहुंचे। उधर भीड़ देख आरोपी प्रेमी ने घटनास्थल पर बाइक व पिस्टल छोड़ भागने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने उसका पीछा किया और पांच किलोमीटर दूर पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामाीणों ने आरोपी की जमकर पिटाई की। घटना की सूचना मिलते ही सीओ पुरवा पंकज सिंह व कोतवाल ज्ञानेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। घायल महिला व प्रेमी को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां महिला की गंभीर हालत देख उसे कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया। सीओ पंकज सिंह ने बताया कि महिला के ससुर की तहरीर पर हत्या के प्रयास व एससीएसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मौके से एक तमंचा व कारतूस के साथ घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली गयी है।
हैसियत की बात कहने पर उबला खून
विशाल कुमार कश्यप ने बताया कि वह महिला के मायके सिलाई का काम पिछले आठ साल से कर रहा है। दुकान आने जाने के दौरान ही उन दोनों का प्यार परवान चढ़ा। दोनों के गांव में 16 किलोमीटर का फासला है। तीन माह पूर्व महिला ने प्रेमी की हैसियत की बात कह दी तो यह बात उसके दिल में घर कर गयी। इसीलिए वह उसे खत्म करने के इरादे से निकला था।

प्रेमिका को ठिकाने लगाने के लिए 45 हजार में खरीदी थी पिस्टल
प्रेमिका से बदला लेने के लिए वह योजना बना रहा था तभी उसकी मुलाकात गांव के ही रहने वाले भुड्डा से हुई। जिससे उसने 45 हजार रुपए में पिस्टल खरीदी। गोलीकांड के बाद यह बात संज्ञान में आने पर हरकत में आयी बंथरा पुलिस ने भुड्डा को गिरफ्तार कर लिया। जिला अस्पताल में भर्ती विशाल के बयान और उससे पिस्टल बेचने वाले की शिनाख्त कराने के लिए एसएचओ मुन्नालाल बंथरा उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचें।








