लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुरुवार को साइमन वोंग ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तर प्रदेश और सिंगापुर के बीच निवेश, कौशल विकास, आधारभूत संरचना और सांस्कृतिक सहयोग को और मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में उच्चायुक्त वोंग ने मुख्यमंत्री की हालिया सिंगापुर यात्रा को अत्यंत सफल बताते हुए कहा कि इससे वैश्विक निवेशकों के बीच उत्तर प्रदेश को लेकर विश्वास और सकारात्मक धारणा मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि सिंगापुर ही नहीं, बल्कि आसपास के देशों के औद्योगिक जगत में भी यूपी को एक उभरते निवेश केंद्र के रूप में देखा जा रहा है। उच्चायुक्त ने बीते वर्षों में प्रदेश में कानून-व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में हुए सुधारों की सराहना की। उन्होंने बताया कि सिंगापुर की कई कंपनियां उत्तर प्रदेश में अपने निवेश का विस्तार करने की योजना बना रही हैं। साथ ही, जल्द ही सिंगापुर का एक बड़ा औद्योगिक प्रतिनिधिमंडल राज्य का दौरा करेगा, जो विभिन्न क्षेत्रों में निवेश संभावनाओं का आकलन करेगा।
बैठक में प्रदेश के युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी। इसके तहत रोजगार सृजन के नए अवसर विकसित किए जाएंगे। सांस्कृतिक सहयोग के तहत कुशीनगर और सारनाथ जैसे बौद्ध पर्यटन स्थलों के विकास और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में नोएडा, ग्रेटर नोएडा, झांसी और वाराणसी सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा देने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार किए जाने की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ के मंत्र के साथ देश की तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्थाओं में अग्रणी बन रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को सुरक्षित, पारदर्शी और उद्योग-अनुकूल वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकसित हो रहे औद्योगिक कॉरिडोर, डिफेंस कॉरिडोर, एक्सप्रेस-वे नेटवर्क और मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स हब निवेशकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने सिंगापुर को एक भरोसेमंद वैश्विक साझेदार बताते हुए दीर्घकालिक और परिणामोन्मुखी सहयोग की प्रतिबद्धता दोहराई।








