Home उत्तर प्रदेश लोधेश्वर महादेवा मेले में दिख रहा बच्चों की आस्था और श्रद्धालुओं का...

लोधेश्वर महादेवा मेले में दिख रहा बच्चों की आस्था और श्रद्धालुओं का उत्साह

0
11

बाराबंकी। सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थल लोधेश्वर महादेवा मंदिर का फागुनी मेला अब अपने पूरे शबाब पर है। मेला क्षेत्र हर-हर बम-बम के जयकारों से गुंजायमान है। हाईवे से लेकर मंदिर तक जाने वाले मार्गों पर कांवरियों की भारी भीड़ दिखाई दे रही और पूरा मेला क्षेत्र श्रद्धालुओं से पट गया है। श्रद्धालु कानपुर, उन्नाव, बिठूर, उरई और जालौन सहित दूर-दराज़ जनपदों से सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा कर कंधों पर कांवर लेकर महादेवा पहुँच रहे हैं। डीजे की भक्ति धुनों पर नाचते-झूमते कांवरियों के जत्थे पैदल मार्गों पर आगे बढ़ रहे हैं।

मोटर साइकिल, ट्रैक्टर-ट्रॉली और बसों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भगवान शिव की पूजा-अर्चना के बाद कई श्रद्धालु मेला परिसर में विश्राम कर भजन-कीर्तन और रामायण पाठ में जुटे हैं। भक्ति रस में डूबे कांवरियों के जत्थे उत्साह के साथ नृत्य करते भी नजर आ रहे हैं। मेले में सजी दुकानों पर खरीदारी को लेकर भीड़ बढ़ गई है। भोंपू, टोपी और पूजन सामग्री की दुकानों पर कांवरियों की विशेष भीड़ देखी जा रही है, जिससे बाजार की रौनक बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें -  ITBP भर्ती 2022: कांस्टेबल पदों के लिए आवेदन करें, वेतन और अधिक यहां देखें

इसी क्रम में लखनऊ के बन्थरा क्षेत्र से लगभग 75 कांवरियों का जत्था महंत रामकरन की अगुवाई में जल भरकर शुक्रवार को महादेवा मंदिर पहुंचा। विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। जत्थे में 9 से 15 वर्ष तक के बच्चे भी पूरे उत्साह के साथ यात्रा करते दिखाई दिए। आस्था के आगे कठिनाइयां भी फीकी पड़ती नजर आईं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here