अक्षत टाइम्स संवाददाता, उन्नाव, 21 नवम्बर। थाना गंगाघाट अन्तर्गत गंगा बैराज मार्ग पर दंपति अपनी बेटी के साथ बाइक से शुक्लागंज जा रहे थे। इस दौरान ट्रांस गंगा सिटी के सामने अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को गंभीर हालत में इलाज के लिये एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है।
बता दें कानपुर अंतर्गत थाना नवाबगंज के महिपाल पुरवा निवासी राजाराम अपनी पत्नी सन्नो (40) व बेटी सहजल के साथ मंगलवार शाम शुक्लागंज किसी काम से बाइक से जा रहे थे। जैसे ही बैराज मार्ग स्थित ट्रांस गंगा सिटी गेट नंबर 4 के सामने पहुंचे, तभी कानपुर की ओर से आ रही अनियंत्रित कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे तीनों उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गये।
दुर्घटना देख आसपास के लोग दौड़े और घटना की जानकारी बैराज चौकी पुलिस को दी गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिये जिला अस्पताल एंबुलेंस से भेजा। जहां डॉक्टरों ने सन्नो को मृत घोषित कर दिया। वहीं पति और उसकी बेटी की हालत गंभीर बनी हुयी है। पुलिस ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।








