हैदराबाद में एक पार्ट टाइम यूट्यूबर की खुदकुशी करने की घटना सामने आई है। 21 साल की पार्ट-टाइम YouTuber और साइंस की स्टूडेंट, बोनू कोमाली ने सोमवार को हैदराबाद में अपने किराए के घर में सुसाइड कर लिया। इससे कुछ ही देर पहले उसने अपनी मां को “आई लव यू सो मच” टेक्स्ट किया था।
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम की रहने वाली कोमाली, हैदराबाद के एक प्राइवेट कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई करते हुए करीब 11 महीने से एक अपार्टमेंट में अकेली रह रही थी। उसने YouTube पर लाइफस्टाइल और पर्सनल वीडियो भी बनाए थे। हाल ही में उसका एक वीडियो काफी पसंद किया गया था, जिसमें वह तिरुमाला की पदयात्रा पर गई थी। वहां उसने अपनी एक मन्नत पूरी करने के लिए पहाड़ी पर पैदल चढ़ाई की थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर उसका आखिरी पोस्ट था।
पुलिस के मुताबिक, कोमाली ने सोमवार सुबह अपनी मां बी सत्या वरलक्ष्मी को मैसेज भेजा, जो कुवैत में काम करती हैं और उनसे अपने छोटे भाई का ख्याल रखने के लिए कहा। कोमाली ने मैसेज में लिखा, “मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं मम्मी, छोटे भाई का ख्याल रखें।” इसके बाद में उसका फोन बंद मिला।
जब बार-बार कॉल का जवाब नहीं मिला, तो उसकी मां ने एक दोस्त को बताया, जो दोपहर में फ्लैट पर आया। सोमवार दोपहर करीब 3 बजे, जब बार-बार दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो कोमाली को सीलिंग फैन से लटका हुआ पाया। मौके पर ही उसकी मौत हो चुकी थी। पास में एक छोटी सीढ़ी और एक साड़ी मिली।
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच से पता चलता है कि लंबे समय से चल रहे रिलेशलशिप के झगड़े की वजह से वह परेशानी थी। बोनू कोमाली तीन साल से एक 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर और साथी यूट्यूबर के साथ रिलेशनशिप में थी, लेकिन खबर है कि हाल ही में दोनों अलग हो गए थे। कोमाली ने करीब छह महीने पहले भी सुसाइड की कोशिश की थी।
पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया है और पूरे हालात को समझने के लिए डिजिटल और फिजिकल सबूत इकट्ठा किए हैं, मामले की आगे की जांच जारी है।








