अखिलेश यादव का योगी सरकार पर कमीशनखोरी का आरोप, कहा- हर विभाग में हो रही लूट, भ्रष्टाचार चरम पर…

0
102

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर कमीशनखोरी का आरोप लगाते हुये समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार का नया परिचय भ्रष्टाचार और संगठित लूट हो गया है।

पार्टी मुख्यालय में उत्तर प्रदेश सहित झारखण्ड, आन्ध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान से आये पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुये अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में बड़े पैमाने पर कमीशनखोरी हो रही है। भ्रष्टाचार चरम पर है। हर स्तर पर लूट है। भाजपा सरकार में हर पद और हर पोजीशन की रेट तय है। हर विभाग में भ्रष्टाचार हो रहा है। ऐसा कोई विभाग नहीं है, जहां लूट नहीं हो रही है।

सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं को नए वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटाकर जनता के हित और उत्तर प्रदेश के विकास के लिए समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना ही शुभकामनाओं की सफल सार्थकता होगी।

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और लूट की कमाई पर कब्जा करने की लड़ाई चल रही है। खुद भाजपा विधायक और नेता भ्रष्टाचार और लूट के आरोप लगा रहे है। इस सरकार के भ्रष्टाचार ने किसी को नहीं छोड़ा है। महिलाएं, व्यापारी, किसान, नौजवान आम जनता सब त्रस्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जनता में भाजपा को लेकर भारी नाराजगी है। भाजपा वोटर लिस्ट में हेराफेरी कर पीडीए का वोट कटवा कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की साजिश करती है। धांधली और षड्यंत्र कर चुनाव जीतना चाहती है।

यह भी पढ़ें -  SSC CGL टीयर I परिणाम 2022 ssc.nic.in पर जारी- पीडीएफ डाउनलोड करने के लिए सीधा लिंक यहां

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने गांवों और किसानों की उपेक्षा की। गांवों के लिए कोई काम नहीं किया। समाजवादी सरकार में लोहिया ग्राम योजना के तहत हजारों गांवों में सड़क, पेयजल तथा अन्य सुविधाओं का विकास किया गया था, लेकिन भाजपा ने द्वेष के चलते गांवों के विकास की सभी योजनाओं को बंद कर दिया। विकास कार्यों को रोक दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2016 में अपने लोकसभा क्षेत्र वाराणसी के नागेपुर गांव को गोद लिया था लेकिन उस गांव का कोई विकास नहीं हुआ। दोबारा उस गांव की सुध भी नहीं ली गई।

अखिलेश यादव ने नेताओं, कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सब भाजपा की साजिशों को विफल करने का संकल्प लेकर जायें। बूथ को मजबूत करना है और वोटरलिस्ट पर पूरी नज़र रखकर उसे ठीक कराना है। कार्यकर्ता सतर्क रहेंगे तो भाजपा धांधली नहीं कर पाएगी। 2027 का विधानसभा चुनाव हमें हर हालत में राज्य के हित में जीतना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here