लखनऊ : मुख्य सचिव एसपी गोयल ने बुधवार को निर्देश दिया है कि कर्मचारियों के सभी प्रकार के अवकाश की स्वीकृति अब मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से ही सुनिश्चित की जाए। शासनादेश के अनुसार सभी विभागों, कार्यालयों, स्वायत्तशासी संस्थाओं और निगमों में कार्यरत नियमित कर्मचारियों का पंजीकरण मानव संपदा पोर्टल पर पहले से अनिवार्य किया जा चुका है।
इसके बावजूद कई विभागों में अवकाश संबंधी प्रविष्टियां और स्वीकृतियां पोर्टल के माध्यम से पूरी तरह दर्ज नहीं की जा रही हैं। इसी स्थिति को देखते हुए सभी विभागाध्यक्षों और जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने अधीनस्थ कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों के अवकाश से संबंधित सभी विवरण पोर्टल पर दर्ज कराना सुनिश्चित करें।
मुख्य सचिव ने कहा है कि कर्मचारियों के अवकाश से संबंधित आवेदन, स्वीकृति और निस्तारण की पूरी प्रक्रिया मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से ही की जाएगी, ताकि सेवा संबंधी मामलों में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही विभागों को निर्देश दिया गया है कि कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका के आधार पर उनके सभी प्रकार के अवकाश का अद्यतन विवरण आहरण एवं वितरण अधिकारी (डीडीओ) के माध्यम से 25 मार्च 2026 तक पोर्टल पर दर्ज कराया जाए।








