Home उत्तर प्रदेश लखनऊ में आज बनेगा नया सियासी गठबंधन, ओवैसी-चंद्रशेखर करेंगे संयुक्त प्रेसवार्ता

लखनऊ में आज बनेगा नया सियासी गठबंधन, ओवैसी-चंद्रशेखर करेंगे संयुक्त प्रेसवार्ता

0
96

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रदेश की सियासत में नए गठबंधन की तैयारी है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद साथ आने जा रहे हैं। दोनों नेता गुरुवार को लखनऊ के होटल दयाल पैराडाइज में दोपहर 12 बजे संयुक्त प्रेसवार्ता करेंगे। इसमें गठबंधन की औपचारिक घोषणा और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति से जुड़ी जानकारी साझा किए जाने की उम्मीद है।

दोनों दलों के नेताओं ने गठबंधन की पुष्टि की है, हालांकि सीटों के बंटवारे और गठबंधन के स्वरूप को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। प्रेसवार्ता में इन सवालों पर स्थिति स्पष्ट हो सकती है। गठबंधन के ऐलान के बाद असदुद्दीन ओवैसी सड़क मार्ग से मुरादाबाद रवाना होंगे, जहां उन्हें एक निजी कार्यक्रम में शामिल होना है।

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के साथ आने की खबर के बाद प्रदेश के राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने इस संभावित गठबंधन को लेकर अपनी राय रखी है। जहां सपा नेताओं ने इसके राजनीतिक प्रभाव को खारिज किया, वहीं कांग्रेस नेता ने कहा कि लोकतंत्र में सभी दलों को गठबंधन करने का अधिकार है।

समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के संभावित गठबंधन पर कहा कि इसका कोई मतलब नहीं है और चुनाव में इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि पूरे प्रदेश और देश में यह संदेश है कि भाजपा को सत्ता से बाहर करने की स्थिति और जनसमर्थन अखिलेश यादव के पास है। अवधेश प्रसाद ने कहा कि प्रदेश की जनता का भाजपा नेताओं और योगी सरकार से भरोसा उठ चुका है। अब जनता को समाजवादी पार्टी पर विश्वास है।

यह भी पढ़ें -  Agra: कोचिंग की शिक्षिकाओं को सोशल मीडिया पर किया बदनाम, एक पीड़िता ने दर्ज कराया मुकदमा

सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि समाजवादी पार्टी, INDIA गठबंधन और PDA को कोई नुकसान नहीं पहुंच सकता। उन्होंने कहा कि 2024 में जनता ने अखिलेश यादव के नेतृत्व पर भरोसा जताया था और यह भरोसा मजबूत है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कई पार्टियां और लोग अपनी बात रखते हैं। सभी को अपनी बात कहने का अधिकार है, लेकिन जनता बाहर से आए लोगों को इतनी अहमियत नहीं देती।

कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने संभावित गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकतंत्र में सभी को आजादी है। जो दल गठबंधन कर रहे हैं, उन्हें ऐसा करने का अधिकार है। आगे जो भी राजनीतिक स्थिति बनेगी, कांग्रेस अपने तरीके से उसका आकलन करेगी। उन्होंने कहा कि राजनीति में इस तरह के गठबंधनों का बहुत बड़ा महत्व नहीं होता है।

सपा नेता आशुतोष वर्मा ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की खूबसूरती यही है कि कोई भी व्यक्ति या पार्टी कहीं भी चुनाव लड़ सकती है और गठबंधन कर सकती है। उन्होंने कहा कि ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन की खबरें उन्होंने भी सुनी हैं। आगे इसमें क्या होता है, यह देखना होगा।

आशुतोष वर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रमुख विपक्षी दल के रूप में काम कर रही है और इस बार सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी अपने मतदाताओं के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता को एक उत्तम प्रदेश देने की दिशा में काम करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here