Home उत्तर प्रदेश बारिश से झड़े आम के बौर, दहिया रोग बढ़ने की आशंका, बागवान...

बारिश से झड़े आम के बौर, दहिया रोग बढ़ने की आशंका, बागवान परेशान

0
19

लखनऊ : अचानक मौसम में बदलाव के बाद आंधी के साथ बारिश होने से गेहूं के अलावा आम की फसल को नुकसान हुआ है। मलिहाबाद, माल, काकोरी और बीकेटी में बौर और मटर के बराबर आए फल झड़ गए। आम की फसल में दहिया रोग और लगने की आशंका बढ़ गई है।

पिछले सप्ताह हुई बारिश से बागवान आम की फसल दहिया रोग से बचा नहीं पाए थे, बुधवार को फिर से हुई बारिश ने और नुकसान पहुंचा दिया। आम बेल्ट में कहीं बारिश तो कहीं बूंदाबांदी का प्रभाव पड़ा। इससे आम के बौर झड़ गए। बारिश से दोबारा दहिया रोग भी बौर में तेजी से फैलेगा। इससे बौर काली पड़कर झड़ेंगे। निराश बागवान बचाव करते दिखे।

बागवान अहमद उल्ला ने बताया पूर्व में हुई बारिश से 20 फीसद तक बागों में नुकसान हुआ था। दोबारा बारिश से काफी नुकसान हुआ है। ऐसे में तेज बारिश से बागों में माइड सहित हॉपर का प्रकोप भी बढ़ेगा। बागवान सचिन यादव ने बताया कि बारिश होने से पेड़ों पर आए फूल गिरने लगे हैं। इस कारण बौर में निकले कैरिया का भी नुकसान हो रहा है। तेज बारिश से बागों में पानी भर जाने के कारण कीड़ों का प्रकोप भी बढ़ेगा।

कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. अखिलेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि बेमौसम बारिश से आम की फसल पर प्रभाव पड़ा है। दहिया रोग के साथ कीटरोग भी लगेंगे। इसके नियंत्रण के लिए बागवान एक लीटर पानी में 1 एमएल प्रोपिकोनाजोल और 0.3 एमएल इमिडाक्लोप्रिड दोनों मिलाकर एक बार पेड़ों पर स्प्रे करें।

यह भी पढ़ें -  एस जयशंकर ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा 'जब आप विदेश जाते हैं तो राजनीति से बड़ी चीजें होती हैं'

जिले में इस समय खेतों पर गेहूं की फसल खड़ी है। जो किसान काटकर बिक्री करने के लिए खेतों पर तैयार कर रहे हैं। खेतों पर काटकर रखे गए गट्ठर बारिश और बूंदाबांदी से भीग गए। दाने काले पड़ने की संभावना जताई गई। इससे सरकारी खरीद पर असर पड़ेगा। बाजार में भी दाम कम मिलेंगे। बारिश से गेहूं की कटाई भी प्रभावित हुई है। जिला कृषि अधिकारी तेग बहादुर सिंह ने दोपहर बाद टीमें गठित करके सर्वे कराया और दूसरे दिन नुकसान का आकलन करके रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने बताया कि दलहन-तिलहन की फसल कट चुकी है। कुछ जगह बूंदाबांदी हुई है। इससे फसल को नुकसान नहीं होगा। फिर भी रिपोर्ट मांगी है।

मलिहाबाद के ग्राम अटारी (मल) में बुधवार को मेटा एग्रीटेक प्राइवेट लिमिटेड और अवध आम उत्पादक एवं बागवानी समिति के तत्वावधान में ”कवच आम सभा” की गई। 100 से अधिक प्रगतिशील आम बागवान शामिल हुए। मुख्य अतिथि के केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान, रहमानखेड़ा के निदेशक डॉ. टी दामोदरन रहे। कार्यक्रम का मुख्य विषय ”कवच मैंगो फ्रूट प्रोटेक्शन बैग” रहा।

निदेशक ने किसानों को बताया कि यह बैग आम को कीटों, धूल, धूप एवं रोगों से सुरक्षा प्रदान करता है। फलों की गुणवत्ता में सुधार होता है और बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त होता है। इस दौरान डॉ. मनीष मिश्रा, उपनिदेशक, उद्यान डॉ. डीके वर्मा, उद्यान निरीक्षक दिलीप कुमार व अवध आम उत्पादक एवं बागवानी समिति के महासचिव उपेन्द्र कुमार सिंह उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here