बरेली। जनपद के बीसलपुर मुख्य मार्ग पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अहरौला गांव के पास तेज रफ्तार निजी बस ने ओवरटेक करने के प्रयास में सामने से आ रही अर्टिगा कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अर्टिगा पीछे से आ रही एक अन्य कार से भी जा भिड़ी। इस दर्दनाक हादसे में अर्टिगा में सवार नेपाल के दो युवकों की मौत हो गई, जबकि कार चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा रविवार देर रात करीब 12 बजे बरेली-बीसलपुर मुख्य मार्ग पर अहरौला गांव के समीप हुआ। तेज गति से जा रही एक निजी बस दूसरे वाहन को ओवरटेक कर रही थी, तभी सामने से आ रही अर्टिगा कार से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि अर्टिगा अनियंत्रित होकर अपने पीछे चल रही दूसरी कार से भी टकरा गई। दुर्घटना में अर्टिगा सवार नेपाल के बाजुरा निवासी अर्जुन कामी (36) और चेतराज (35) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक दिल बहादुर राणा भी बुरी तरह जख्मी हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए बरेली के अस्पताल भिजवाया। अर्जुन कामी और चेतराज ने अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जिसके बाद डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। अर्टिगा चालक दिल बहादुर राणा का गंभीर अवस्था में उपचार चल रहा है। इसके अलावा अर्टिगा में सवार अन्य यात्रियों और पीछे से टकराई दूसरी कार में सवार दो लोगों को भी चोटें आई हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद कुछ समय तक बीसलपुर मार्ग पर अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बनी रही, जिसे पुलिस ने वाहनों को हटवाकर सामान्य कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








