Home अपराध बेटी ने रची मां की हत्या की साजिश, प्रेमी ने ईंट से...

बेटी ने रची मां की हत्या की साजिश, प्रेमी ने ईंट से सिर कूचकर उतारा मौत के घाट

0
41

उत्तर प्रदेश के कौशांबी में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जिस बेटी को मां की ममता और आशीर्वाद का सहारा होना चाहिए था, उसी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मां की हत्या की साजिश रच डाली। वजह सिर्फ इतनी थी कि मां बेटी की शादी उसके प्रेमी से कराने को तैयार नहीं थी। आरोप है कि प्रेमी ने घर में घुसकर ईंट से सिर पर वार कर राजमती की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

पूरा मामला कोखराज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गिरसा गांव का है। यहां 55 साल की राजमती की शुक्रवार रात बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। उनके पति गिरधारी लाल सरोज अपनी चारों बेटियों और दामाद के साथ भरवारी का दशहरा मेला देखने गए थे। घर में राजमती अकेली थीं। इसी दौरान आरोपी दिलीप ने ईंट से सिर पर हमला कर उनकी जान ले ली। रात करीब 10 बजे परिजन घर लौटे तो आंगन में राजमती का खून से लथपथ शव पड़ा मिला।

यह भी पढ़ें -  पेपर लीक के विरोध में उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत बीमार

पुलिस की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। मृतका की छोटी बेटी का प्रेम प्रसंग उसकी बड़ी बहन के देवर दिलीप से चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन राजमती इस रिश्ते के खिलाफ थीं। इसी बात से नाराज होकर बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर मां को रास्ते से हटाने की साजिश रची। जिस मां ने बेटी को जन्म दिया, उसी मां की जिंदगी उसकी बेटी की प्रेम कहानी की भेंट चढ़ गई। शादी की जिद में मां की हत्या की इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस के मुताबिक, बेटी फोन के जरिए प्रेमी को घरवालों की लोकेशन बताती रही। वह वारदात से पहले और हत्या के बाद तक प्रेमी के संपर्क में थी। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की मदद से जुटाए गए साक्ष्यों और जांच के बाद दोनों की भूमिका सामने आई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here