Home अपराध थाने में पुलिस पर चाकू से हमला, नौ पुलिस कर्मी घायल, आरोपी...

थाने में पुलिस पर चाकू से हमला, नौ पुलिस कर्मी घायल, आरोपी के पैर में लगी छह गोलियां

0
47

नयी दिल्ली : दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में सोमवार को पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला करने के बाद फरार हुए करीब 30 वर्षीय आरोपी को चांदनी महल क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले चितली कब्र इलाके में पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर उसने दोबारा हमला कर दिया और इस दौरान पुलिस ने आठ गोलियां चलाईं, जिनमें से छह आरोपी के पैरों में लगीं। इस घटना में कुल नौ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रोहित राजबीर सिंह ने बताया आरोपी की पहचान कला महल निवासी नबील के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि उसकी मां और बहन ने शिकायत दी थी कि वह उन्हें परेशान करता है जिसके बाद सोमवार को उसे जामा मस्जिद थाने में परामर्श के लिए बुलाया गया था।

पुलिस ने बताया कि पुलिसकर्मियों से बातचीत के दौरान अपराह्न करीब ढाई बजे नबील ने अचानक चाकू निकालकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया जिसमें उपनिरीक्षक अजय, उपनिरीक्षक अरविंद और हेड कांस्टेबल हरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि सहायक उपनिरीक्षक श्रीकृष्ण और हेड कांस्टेबल बलजीत को भी चोटें आईं। सभी पांच घायलों को इलाज के लिए सर गंगाराम अस्पताल ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि हमले के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया और भागने के लिए उसने कथित तौर पर एक व्यक्ति से स्कूटर छीन लिया।

यह भी पढ़ें -  पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर नितिन कुंडी के पैर में लगी गोली

डीसीपी ने बताया कि मध्य जिले की वाहन चोरी रोधी दस्ते (एएटीएस) और ‘स्पेशल स्टाफ’ की संयुक्त टीम ने पीछा करते हुए उसे चांदनी महल थाना क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले चितली कबर इलाके की गली आजम खान में ढूंढ निकाला। पुलिस के मुताबिक, शाम करीब साढ़े चार बजे टीम ने जब उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने दोबारा चाकू से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया जिसमें ‘स्पेशल स्टाफ’ के कांस्टेबल अंकित, जयंत, लोकेश और परमिंदर घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल ले जाया गया।

डीसीपी ने बताया कि आरोपी से खतरे को देखते हुए टीम ने नियंत्रित तरीके से गोलीबारी की और पुलिसकर्मियों ने कमर के नीचे निशाना लगाकर कुल आठ गोलियां चलाईं, जिनमें से छह आरोपी के पैरों में लगीं। अधिकारी ने बताया कि गोली लगने से घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ 2022 में दरियागंज थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 324 (धारदार हथियार से जानबूझकर हमला करके चोट पहुंचाना) के तहत एक मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने कहा कि जामा मस्जिद और चांदनी महल थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here