Home अपराध शराब का ठेका खोले जाने पर ग्रामीणों ने किया हंगामा, तोड़फोड़ के...

शराब का ठेका खोले जाने पर ग्रामीणों ने किया हंगामा, तोड़फोड़ के आरोप में नौ लोग गिरफ्तार

0
16

मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के बलदेव क्षेत्र के एक गांव में शराब का ठेका खोले जाने के विरोध में गांव की महिलाओं एवं पुरुषों ने कथित रूप से ठेके में घुसकर शराब की बोतलें और दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस उपाधीक्षक श्वेता वर्मा ने बुधवार को बताया कि पुलिस ने मंगलवार को ठेका संचालक की शिकायत पर नौ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उन्होंने बताया कि अब पुलिस वीडियो रिकॉर्डिंग देखकर शेष आरोपी ग्रामीणों को चिह्नित कर गिरफ्तार करेगी।

वर्मा ने बताया कि बलदेव थाना क्षेत्र के भरतिया गांव में कंपोजिट शराब का सरकारी ठेका खोला गया है। उन्होंने बताया कि ऐसी शिकायत मिली थी कि सोमवार को बड़ी संख्या में जुटे गांव के पुरुषों व महिलाओं ने अचानक ठेके पर धावा बोल दिया और उसे बंद कराते हुए कई घण्टों तक वहां हंगामा किया।

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि ऐसा आरोप है कि शराब का ठेका बंद करने की मांग को लेकर हंगामा कर रहे लोगों ने दुकान में घुसकर शराब की अनेक बोतलें तोड़ दीं और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का कहना था कि अगर सरकार को शराब का ठेका खोलना ही है तो गांव के बजाय कहीं और खोले।

यह भी पढ़ें -  UP Bypoll Election: पहली बार घरानों से कोई मैदान में नहीं; पहले नवाब फिर आजम परिवार का स्वार सीट पर था दबदबा

वर्मा ने बताया कि बाद में बड़ी संख्या में पहुंचे पुलिस बल ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि ठेका संचालक युदवीर सिंह की तहरीर पर चार महिलाओं समेत नौ लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया और उन्हें मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस घटना की सीसीटीवी एवं वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य ग्रामीणों को भी चिह्नित कर रही है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। दूसरी ओर, ग्रामीणों की शिकायत है कि गांव में शराब का ठेका खोले जाने से वहां का माहौल खराब हो रहा है, लिहाजा उसे हटाया जाये।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here