कानपुर। उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि गरीबों के कल्याण से ही देश के उत्थान का मार्ग प्रशस्त हो सकता है और उनकी सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र पर कार्य करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। स्वतंत्र देव सिंह शनिवार को कानपुर ग्रामीण में भाजपा के “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026” के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
होटल रॉयल क्लिफ में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष उपेंद्र पासवान ने की। अपने संबोधन में स्वतंत्र देव सिंह ने “सरकार की गरीब कल्याण योजनाएं और उनके क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका” विषय पर कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और संगठन की भावना के साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन गांव-गांव जाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना और आवास योजना में पंजीकरण कराने में भी मदद करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले वर्षों में दलित, शोषित, पीड़ित एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बिना भेदभाव के गरीबों, महिलाओं, किसानों और युवाओं तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी एवं एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर ने कहा कि यह महाभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत करने और संगठन की कार्यपद्धति से जोड़ने का अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं में राष्ट्रवाद, अंत्योदय और व्यक्तित्व विकास की भावना को मजबूत करेगा।
क्षेत्रीय महामंत्री रामकिशोर साहू ने “विचार परिवार” विषय पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर प्रकाश डाला। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आनंद सिंह ने “कार्य पद्धति” विषय पर संगठनात्मक अनुशासन और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर दिया। राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद ने “भाजपा का इतिहास एवं विकास” विषय पर पार्टी की वैचारिक यात्रा और जनसंघ से भाजपा तक के विकासक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पारदर्शिता के साथ पहुंच रहा है।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी और सोशल मीडिया संयोजक महेंद्र विक्रम सिंह ने “मीडिया प्रबंधन एवं सोशल मीडिया (एआई)” विषय पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया। वहीं क्षेत्रीय मंत्री पवनप्रताप सिंह ने व्यावहारिक सत्र में संगठनात्मक क्षमता निर्माण पर जोर दिया। जिलाध्यक्ष उपेंद्र पासवान ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों पर आधारित यह प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता और सेवा भाव के प्रति और अधिक सजग बनाएगा।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी राधेश्याम पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष रवि दीक्षित, रामशरण कटियार, सुशील कटियार, कृष्णमुरारी शुक्ला, दिनेश कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, ब्लॉक प्रमुख इंद्रजीत सिंह, अनुराधा अवस्थी, अशोक सचान, राजेश शुक्ला, अरुण कोरी, शुभम बाजपेई, समरजीत सिंह, जेपी कटियार, वेदव्रत सचान, राजेश यादव, पुष्कर शुक्ला, सूर्यब्रह्म सिंह, अनिरुद्ध शुक्ला, रवीन्द्र सिंह चौहान, संदीप बाजपेई, गीता गुप्ता, रणविजय सिंह, श्याम सिंह, अंजलि तिवारी तथा जिला मीडिया प्रभारी मयंक अवस्थी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








