उन्नाव जनपद में 31 मई को प्रस्तावित उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर पेपर समय से पहुंचाने, सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। केंद्रों में मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, शौचालय और बैग जमा करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। जिले में अटल बिहारी इंटर कॉलेज, जीजीआईसी सिविल लाइंस और डीएसएनपीजी कॉलेज के दो केंद्रों समेत कुल चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यहां दो पालियों में कुल 1550 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।








