Home अपराध ऑटो और बाइक की सम्यक भिड़ंत में महिला समेत छह घायल, दो...

ऑटो और बाइक की सम्यक भिड़ंत में महिला समेत छह घायल, दो की हालत गंभीर

0
137

फतेहपुर/बाराबंकी : फतेहपुर-सूरतगंज मार्ग पर बुधवार सुबह गणेश पुरवा गांव के निकट एक भीषण सड़क हादसे में महिला समेत छह लोग घायल हो गए। सवारियों से भरा सीएनजी ऑटो रिक्शा और सामने से आ रही मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार, फतेहपुर की ओर से सवारियां लेकर सूरतगंज जा रहा सीएनजी ऑटो रिक्शा गणेश पुरवा गांव के पास सामने से आ रही मोटरसाइकिल से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और ऑटो सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में बाइक सवार और ऑटो में बैठे यात्री घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। 108 और 102 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहपुर पहुंचाया गया। दुर्घटना में बाइक से दवा लेने फतेहपुर आ रही रिंकी शुक्ला (35) पत्नी रामगोपाल शुक्ला तथा उनके पुत्र आंचल शुक्ला (18) निवासी कुड़वा बल्लोपुर, थाना मोहम्मदपुर खाला गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं ऑटो में सवार अनस (18) पुत्र मोहम्मद सलमान निवासी मिर्दही मोहल्ला, कस्बा फतेहपुर, कंगना (32) पत्नी गुड्डू, उनका छह वर्षीय पुत्र शुभम निवासी एंडौरा तथा ऑटो चालक शरीफ (50) पुत्र अजीम उल्ला निवासी सूरतगंज भी घायल हो गए।

यह भी पढ़ें -  UP Lekhpal Exam 2022: मुख्य परीक्षा में किन भाषाओं में पूछे जा सकते हैं प्रश्न और किस मोड में हो सकती है परीक्षा, जानें यहाँ

सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने रिंकी शुक्ला और आंचल शुक्ला की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जबकि अनस और ऑटो चालक शरीफ का उपचार सीएचसी में जारी है। कंगना और शुभम को मामूली चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां काफी भीड़ और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात सुचारु कराया। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. अवधेश कौशल ने बताया कि दुर्घटना में घायल दो लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here