Home अपराध भाई की साली से शादी के लिए टावर पर चढ़ गया बरेली...

भाई की साली से शादी के लिए टावर पर चढ़ गया बरेली का युवक

0
102

बदायूं । इश्क में चूर बरेली के एक युवक ने बदायूं में हाईवोल्टेज ड्रामा किया। युवती का रिश्ता दूसरी जगह तय होने पर वह बदायूं पहुंचा और वहां करीब 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवती से शादी न होने की स्थिति में जान देने की बातें करने लगे। घंटों तक ड्रामा चला। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे नीचे उतारा और थाने ले गई। घटनाक्रम वजीरगंज कस्बे का है।

नदीम बरेली के अलीगंज का रहने वाला है। बताते हैं कि उसके भाई की शादी बदायूं के वजीरगंज में हुई है। वजीरगंज की एक युवती से उसे प्रेम हो गया। बताते हैं कि दोनों के बीच बातचीत भी होने लगी। इस बीच लड़की के घरवालों ने उसका रिश्ता दूसरी जगह तय कर दिया। नदीम को झटका लगा और वह परेशान रहने लगा।

रविवार को वह वजीरगंज पहुंचा और यहां एवीएस स्कूल के पीछे लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़कर शोले के वीरू की तरह चीखने लगा। टॉवर पर चढ़े नदीम को देखकर भीड़ जमा हो गई जो उसे नीचे उतरने के लिए कहती रही लेकिन वह अपनी शादी की जिद पर अड़ा रहा।

यह भी पढ़ें -  ममता बनर्जी ने बीजेपी पर लगाया रामनवमी पर सांप्रदायिक हिंसा भड़काने का आरोप, कहा- दंगा करना बंगाल की संस्कृति नहीं

सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन वो नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। इस तरह करीब तीन घंटे तक पुलिस लगातार उसे समझाने में जुटी रही। तब जाकर वो नीचे आने के लिए राजी हुआ। पुलिस ने रेस्क्यू कर उसे नीचे उतारा और पूछताछ के लिए थाने ले गई।

वजीरगंज में यह घटनाक्रम चर्चा में बना है। टॉवर पर चढ़े युवक का वीडियो भी सामने आया है। उसकी हरकतों से हर कोई दंग है। वहीं, नदीम की करतूत की भनक लगने के बाद घरवाले भी बदायूं पहुंच गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here