Home अपराध बागपत में पति ने की पत्नी की फावड़े से काटकर हत्या, फिर...

बागपत में पति ने की पत्नी की फावड़े से काटकर हत्या, फिर खुद बुला ली पुलिस

0
102

बागपत जिले में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। चांदीनगर थाना क्षेत्र के खैला गांव में एक युवक ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर कहा, “साहब, मैंने अपनी पत्नी को मार डाला है, मुझे आकर गिरफ्तार कर लीजिए।” सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार राहुल (30) और मनीषा (25) की मुलाकात करीब आठ साल पहले हरिद्वार में हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और बाद में उन्होंने प्रेम विवाह कर लिया। शादी के बाद दोनों दिल्ली में रहने लगे। राहुल ऑटो चलाता था, जबकि मनीषा एक निजी कंपनी में काम करती थी। दंपती के दो बच्चे हैं। पिछले दो वर्षों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था, जिसके बाद मनीषा अपने पांच वर्षीय बेटे के साथ बेंगलुरु में रहने लगी थी, जबकि छह साल की बेटी गांव में दादी के साथ रह रही थी।

शनिवार को दोनों बच्चों से मिलने के लिए मनीषा बेंगलुरु से और राहुल दिल्ली से गांव पहुंचे थे। परिवार के साथ खाना खाने के बाद मनीषा ने बेंगलुरु लौटने की बात कही और बेटी को भी अपने साथ ले जाने की इच्छा जताई। राहुल ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।

यह भी पढ़ें -  Aligarh News: गोद भराई के बाद शादी से तीन दिन पहले तोड़ा रिश्ता, बेटी वाले परेशान

पुलिस के अनुसार, गुस्से में राहुल ने घर में रखा फावड़ा उठाया और मनीषा पर हमला कर दिया। उसने गर्दन पर दो और सिर पर एक वार किया। गंभीर चोट लगने से मनीषा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय घर में मौजूद परिजन दूसरे कमरे में थे। वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

पत्नी की हत्या के बाद राहुल ने स्वयं पुलिस को सूचना दी। चांदीनगर थाना प्रभारी अतर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और दोनों बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here