– कानपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ दर्दनाक हादसा
अक्षत टाइम्स संवाददाता, उन्नाव, 21 जुलाई। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में कानपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। मृतका की पहचान कानपुर नगर के जूही थाना क्षेत्र के परमपुरवा निवासी जुबिया (14) पुत्री मोहम्मद आबिद के रूप में हुई है। वह शनिवार शाम अपने परिजनों के साथ जा रही थी। रात करीब आठ बजे जाजमऊ चौकी क्षेत्र स्थित ईरानी ढाबे के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक का पहिया ऊपर से गुजरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक को रोककर चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची जाजमऊ चौकी व गंगाघाट पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को कब्जे में ले लिया। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही का परिणाम प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।








