ग्रेटर नोएडा में प्रेमी के शादी से इनकार करने पर प्रेमिका ने हिंडन नदी में छलांग लगा दी। मामला ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के कुलेसरा गांव स्थित हिंडन नदी का है। बताया जा रहा है कि देर रात करीब 9 बजे राहुल और संजना के बीच शादी को लेकर विवाद हुआ था।
राहुल के शादी से इनकार करने से नाराज संजना हिंडन पुल पर पहुंची और नदी में छलांग लगा दी। प्रेमिका को बचाने के लिए राहुल ने भी पीछे से नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने राहुल को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया, लेकिन संजना का अभी तक पता नहीं चल सका है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम नदी में लापता युवती की तलाश कर रही है। संजना के पिता के मुताबिक, उनकी बेटी राहुल के संपर्क में थी और शादी से इनकार किए जाने के बाद उसने यह कदम उठाया।
अगस्त महीने में ही यूपी के मथुरा से भी ऐसा ही मामला सामने आया था। यहां एक प्रेमी-प्रेमिका ने जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की थी। दोनों आगरा नगर के किनारे बेहोशी की हालत में मिले थे। डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित किया था और युवक को गंभीर हालत में ICU में एडमिट करवाया गया था। यहां पर हैरानी की बात ये है कि प्रेमी की प्रेमिका विवाहित थी। दोनों के बीच करीब 3 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। ये दोनों एक साड़ी फैक्ट्री में साथ में काम करते थे।
यूपी के फर्रुखाबाद में भी अप्रैल 2026 में एक चौंकाने वाला प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया था। फर्रुखाबाद के जहानगंज थाना क्षेत्र में एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका का गला काटकर इसलिए हत्या कर दी थी क्योंकि प्रेमिका ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था। इस मामले में प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया था।
बता दें कि प्रेम प्रसंग के मामलों में तमाम मौकों पर ये देखा गया है कि जरा देर की नाराजगी के चक्कर में लोग अक्सर ऐसी घटनाओं को अंजाम दे जाते हैं, जिससे उन्हें लंबे समय तक जेल में रहना पड़ता है या फिर वह जान गंवा देते हैं।








