Home अपराध गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने के लिए दो भाइयों ने लूटा ऑटो,...

गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने के लिए दो भाइयों ने लूटा ऑटो, पुलिस ने दबोचा

0
80

बरेली में मौज-मस्ती और गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने की चाहत दो भाइयों को सलाखों के पीछे ले गई। दोनों ने पहले सवारी बनकर ऑटो बुक किया और फिर रास्ते में सुनसान जगह देखकर चालक पर हमला कर दिया। सिर पर वार करने के बाद गमछे से उसका गला कस दिया और घायल हालत में सड़क किनारे छोड़कर ऑटो लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनका तीसरा साथी अभी फरार है।

मामला भोजीपुरा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल और भारत रत्न के रूप में हुई है। वारदात में शामिल उनका साथी शिवम अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि मौज-मस्ती और अपनी गर्लफ्रेंड के खर्च पूरे करने के लिए उन्होंने ऑटो लूटने की योजना बनाई थी।

पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त की रात तीनों आरोपी सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां उन्होंने ऑटो चालक सग्गन से जादौपुर जाने के लिए 500 रुपये में ऑटो बुक किया। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद आरोपियों ने रास्ता बदलवा दिया। सुनसान इलाका आते ही पीछे बैठे युवकों ने चालक पर हमला कर दिया। आरोपियों ने चालक के सिर पर लोहे जैसी भारी वस्तु से वार किया। इसके बाद गमछे से उसका गला कस दिया। हमले में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर गिर पड़ा। आरोपी उसे वहीं छोड़कर ऑटो लेकर भाग निकले।

यह भी पढ़ें -  Unnao News : ट्रैफिक डायवर्जन से राजमार्ग पर लगा भीषण जाम

लूटे गए ऑटो को लेकर आरोपी सेमीखेड़ा पहुंचे और उसे अपनी दुकानों के अंदर छिपा दिया, ताकि पुलिस को उसकी भनक न लगे। पुलिस के मुताबिक रविवार तड़के दोनों भाई ऑटो को किसी दूसरी जगह ले जाकर ठिकाने लगाने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में जानकारी मिली और सेमीखेड़ा-बरौर रोड पर पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर दी गई। पुलिस ने मौके से दोनों भाइयों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से लूटा गया ऑटो बरामद कर लिया गया। इसके अलावा एक अवैध तमंचा और तीन कारतूस भी पुलिस ने बरामद किए हैं।

पुलिस अब फरार आरोपी शिवम की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं घायल ऑटो चालक का इलाज कराया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here