Home उत्तर प्रदेश लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर 50 हजार युवाओं को CM योगी...

लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर 50 हजार युवाओं को CM योगी वितरित करेगें टैबलेट

0
64

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में रविवार, 15 नवंबर को राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर प्रस्तावित वीआईपी कार्यक्रम के चलते यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव रहेगा। सुबह सात बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक सात प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। कई मार्गो पर भारी और व्यावसायिक वाहनों के साथ सामान्य यातायात भी बंद रहेगा। ऐसे में घर से निकलने से पहले रूट की जानकारी जरूर कर लें, ताकि रास्ते में जाम या परेशानी का सामना न करना पड़े।

दरअसल, राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर डिजिशक्ति योजना के तहत टैबलेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चयनित छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित करेंगे। कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है और वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में डिजिशक्ति योजना के तहत लखनऊ विश्वविद्यालय के चयनित विद्यार्थियों को भी टैबलेट वितरित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पात्र छात्र-छात्राओं को जारी सूची में अपना नाम और आवंटित बस संख्या जांचने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय परिसर से राष्ट्र प्रेरणा स्थल तक ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था की जाएगी। बसों से जुड़ी विस्तृत जानकारी और अन्य दिशा-निर्देश विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रशासन ने विद्यार्थियों से निर्धारित बस में ही बैठने और जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

युवाओं को मिलेंगे 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत प्रदेश सरकार 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरित करने की तैयारी कर रही है। इस अभियान की शुरुआत 15 नवंबर को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल से होगी। कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के करीब 50 हजार छात्र-छात्राओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है। योजना के तहत अब तक प्रदेश में करीब 60 लाख टैबलेट और स्मार्टफोन विद्यार्थियों को वितरित किए जा चुके हैं। वर्ष 2026-27 के लिए 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट की आपूर्ति भी जनपदों को शुरू कर दी गई है। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी जानकारियों तक आसान पहुंच उपलब्ध कराना है।

यह भी पढ़ें -  हाईकोर्ट : पूर्व सांसद बाल कुमार पटेल को हाईकोर्ट से झटका, कोर्ट ने अग्रिम जमानत याचिका खारिज की

2021-22 में शुरू हुई थी योजना
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना की शुरुआत वर्ष 2021-22 में हुई थी। 25 दिसंबर 2021 को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में इसका शुभारंभ किया गया था। इसके तहत उच्च शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास, चिकित्सा और कृषि समेत विभिन्न क्षेत्रों के पात्र विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए गए।

आयु और आय की बाध्यता नहीं
योजना के दायरे में प्रदेश के विभिन्न विभागों से संबद्ध विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के पात्र विद्यार्थी शामिल हैं। केंद्रीय विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी भी इसका लाभ ले सकते हैं। योजना के लिए आय या आयु की कोई सीमा निर्धारित नहीं है। टैबलेट के माध्यम से विद्यार्थी ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, डिजिटल लाइब्रेरी, शैक्षणिक प्लेटफॉर्म, कौशल पाठ्यक्रम और रोजगार संबंधी जानकारी हासिल कर सकेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here