कानपुर : पहले शादी फिर नकदी-जेवर हड़प कर लाखों की डिमांड की। बर्रा में लुटेरी दुल्हन गैंग का मामला सामने आया है। इसका विरोध करने पर मारपीट की गई और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 20 लाख रुपये मांगे गए। आरोप है कि लुटेरी दुल्हन पहले ही दो शादियां कर चुकी है। इस राज को छिपाकर उसने ऑटो सर्वेयर से तीसरी बार शादी रचाई और घर से करीब 15 लाख रुपये के जेवर व एक लाख रुपये लेकर मायके चली गई। पत्नी की हरकतों पर संदेह होने पर पति ने पड़ताल की तो पिछली शादियों की हकीकत सामने आ गई।
विश्वबैंक कॉलोनी निवासी विशाल विश्वकर्मा ऑटो सर्वेयर हैं। उनकी शादी 18 मई 2025 को जूही लाल कॉलोनी निवासी प्रगति से गोविंदनगर स्थित एक बैंक्वेट हॉल में हुई थी। विशाल का आरोप है कि 18 जून 2026 को प्रगति घर से करीब 15 लाख रुपये के गहने व एक लाख रुपये लेकर मायके चली गई। जेवर और रुपये ले जाने पर उन्हें संदेह हुआ। जब वह मायके में थी, इसी बीच उन्होंने उसके बारे में पता किया तो हैरान रह गए। जानकारी हुई कि प्रगति इससे पहले भी दो शादियां कर चुकी है, जिसके बारे में उन्हें पता ही नहीं था।
विशाल के अनुसार अगस्त माह में वह छोटे भाई के साथ प्रगति के पिता अशोक कुमार से मिलने पहुंचे और पहले से की गई शादियों की बात छिपाने पर जवाब मांगा। आरोप है कि इस पर प्रगति के परिजन एकत्र हो गए और उनके व भाई के साथ मारपीट की। आरोप है कि प्रगति की मां सोमवती ने मामला दबाने और रफादफा करने के लिए उनसे 20 लाख रुपये और मांगे। रकम नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाकर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी। इस पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई।
विशाल के अनुसार प्रगति की पहली शादी 20 मार्च 2017 को जूही के बारादेवी निवासी सोनू विश्वकर्मा से बेनाझाबर स्थित आर्य समाज मंदिर में हुई थी। वहां उसने कितनी धोखाधड़ी की, इसकी जानकारी नहीं हो सकी। इसके बाद उसकी दूसरी शादी 23 जून 2017 को इटावा निवासी सुमित बाथम से रावतपुर गांव स्थित आर्य समाज मंदिर में हुई। दोनों शादियों का आर्य समाज में पंजीकरण होना बताया गया है। एक ही साल में दो शादी करने के सात साल बाद उसने विशाल से तीसरी शादी की।








