हरदोई : रिश्तेदार के बेटे की शादी में शामिल होने जा रहे बोलेरो सवार मौसा की अगल-बगल से आए दो ट्रैक्टरों से हुई सीधी टक्कर में मौत हो गई, जबकि उसके दो बेटे और एक रिश्तेदार ज़ख्मी हो गये।
यह हादसा शुक्रवार की देर शाम बिलग्राम तहसील के सामने होना बताया गया है,जबकि हादसे को साजिश का नाम दिया जा रहा है,फिलहाल पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को कब्ज़े में लेते हुए पूरे मामले की जांच शुरु कर दी है।
बताया गया है कि बिलग्राम कोतवाली के बलेंदा गांव निवासी 52 वर्षीय राजेन्द्र पुत्र रामभरोसे शुक्रवार की शाम बोलेरो से अपने रिश्तेदार के बेटे अजय की शादी में शामिल होने उसके गांव पुसेड़ा जा रहा था। इस दौरान उनके साथ उनका 28 वर्षीय बड़ा बेटा पुष्पेंद्र कुमार,15 वर्षीय छोटा बेटा आशीष और सुरसा थाने के गोहराई निवासी 16 वर्षीय रिश्तेदार रिकंज साथ में था।
रास्तें में बिलग्राम तहसील के सामने पहुंचते ही अगल-बगल आ रहे दो ट्रैक्टरों ने बोलेरों में सीधी टक्कर मार दी,जिससे बोलेरो सवार बुरी तरह ज़ख्मी हो गए,जिन्हे एम्बुलेंस-108 से सीएचसी बिलग्राम पहुंचाया गया,जहां पहुंचते ही राजेन्द्र की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को कब्ज़े में लेते हुए जांच शुरु कर दी है।








