यूपी के मेरठ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आ रहा है। यहां दहेज में कार की मांग करना वर पक्ष को मंहगा पड़ गया। यहां कार मांगने पर लड़की पक्ष ने लड़का पक्ष को अनोखे अंदाज में जवाब दिया। शादी की तारीख तय करने पहुंचे लड़के पक्ष को घंटों इंतजार कराने के बाद लड़की के पिता ने उन्हें पीले रंग की खिलौना वाली कार थमा दी और रिश्ता खत्म करने का ऐलान कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामला परतापुर थाना क्षेत्र के सौलाना गांव का है। लगभग पांच महीने पहले बब्बर ने अपनी दो बेटियों की शादी थाना भावनपुर क्षेत्र के ज्ञानपुर गांव के रहने वाले शमशेर के दो बेटों महताब और फैज के साथ तय की थी। सगाई के दौरान लड़की पक्ष की ओर से 71 हजार रुपये नकद और अन्य सामान दिया गया था। मिली जानकारी के मुताबिक लगभग 10 दिन पहले बब्बर ने अपनी बेटियों की शादी के खर्च का इंतजाम करने के लिए तीन बीघा पैतृक जमीन 40 लाख रुपये में बेच दी थी। इसकी जानकारी लड़का पक्ष को हो गई और उन्होंने दहेज में मारुति फ्रॉन्क्स कार की मांग रख दी।
लड़की वालों ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन लड़के पक्ष ने कार की मांग पर अड़े रहे। लिहाजा थक हार कर बब्बर ने रिश्ता खत्म करने का फैसला कर लिया। शनिवार को लाल खत की रस्म के बहाने लड़के पक्ष को लड़की वालों ने अपने घर बुलाया गया। सुबह से ही उनका इंतजार के बाद रात्रि में करीब 10 बजे बब्बर और बाबा जाकिर ने शमशेर को पीले रंग की स्कार्पियो खिलौना कार सौंप दी।
इस दौरान लड़की के पिता ने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें इंसान नहीं, बल्कि कार चाहिए थी, इसलिए कार दे दी गई है। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। नाराज लड़के पक्ष के लोगों ने खिलौना कार फेंकी और वहां से वापस लौट गए। घटना के बाद इलाके में लड़की वालों के इस फैसले की खूब चर्चा हो रही है। दहेज की मांग के आगे झुकने के बजाय रिश्ता तोड़ने के उनके फैसले को लोग सराह रहे हैं।








