Home अपराध पत्नी के एक रिचार्ज ने खोल दिया हत्या का राज, घटनास्थल पर...

पत्नी के एक रिचार्ज ने खोल दिया हत्या का राज, घटनास्थल पर छूटे मोबाइल से पकड़ा गया कातिल

0
40

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के बकेवर थाना क्षेत्र में हत्या की एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसमें आरोपी ने वारदात को हादसे का रूप देने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसकी एक छोटी सी लापरवाही ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। हत्या के बाद आरोपी अपना मोबाइल घटनास्थल पर ही छोड़ गया था। पुलिस ने शुरुआत में इस घटना को हादसा समझा, लेकिन 16 दिन बाद आरोपी की पत्नी ने उसी मोबाइल में लगे सिम पर रिचार्ज करा दिया। इसके बाद आई एक कॉल ने पूरे मामले की गुत्थी सुलझा दी। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, 13 नवंबर 2026 को बकेवर थाना क्षेत्र के दिलावलपुर गांव में रामजीवन (40) का शव उनके बाग में नहर पटरी के किनारे पड़ा मिला था। उनके सिर पर चोट के निशान थे और पास में ही साइकिल नहर पटरी की ढलान पर पड़ी मिली थी। शुरुआत में मामला नहर पटरी से गिरकर चोट लगने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और सूचना फौती दर्ज की थी।

इस बीच घटनास्थल से एक काले रंग का लावा कंपनी का कीपैड मोबाइल फोन मिला था। मोबाइल एक जैसा होने के कारण मृतक के परिजनों ने उसे रामजीवन का फोन समझ लिया और सुपुर्दगी में लेकर चले गए। बाद में परिजनों ने टूटे हुए मोबाइल को दुकान पर बनवाया। मोबाइल में लगी सिम पर इनकमिंग कॉल की सुविधा बंद थी, इसलिए उसकी असली पहचान सामने नहीं आ सकी।

इसी दौरान आरोपी रविशंकर की पत्नी ने उस सिम पर रिचार्ज करा दिया। रिचार्ज के बाद मोबाइल पर कॉल आने लगी। कॉल के जरिए यह बात सामने आई कि मोबाइल मृतक रामजीवन का नहीं, बल्कि बकेवर थाना क्षेत्र के पधारा गांव निवासी रविशंकर उर्फ रवि का है। इसके बाद पूरे मामले की कड़ी जुड़ने लगी।

यह भी पढ़ें -  Weather Update Today : नोरु चक्रवात के असर से हो रही बारिश, इन राज्यों में भारी वर्षा का अलर्ट

27 नवंबर को मृतक के भाई महेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने जांच और साक्ष्य संकलन के बाद मुखबिर की सूचना पर पधारा चौराहे के पास नहर पुलिया से रविशंकर उर्फ रवि को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 12 नवंबर की शाम करीब पांच बजे वह अपने खेत में धान की फसल बांधने गया था। इसी दौरान पड़ोसी खेत में मौजूद रामजीवन ने उससे अपना धान भी कटवाने के लिए कहा। मना करने पर दोनों के बीच गाली-गलौज और विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मारपीट होने लगी। इसी दौरान गुस्से में आकर रविशंकर ने पास में पड़ी ईंट से रामजीवन के सिर पर दो-तीन वार कर दिए, जिससे उनकी मौत हो गई

हत्या के बाद आरोपी ने घटना को दुर्घटना दिखाने के लिए झाड़ियों को अस्त-व्यस्त किया और मृतक की साइकिल को नहर पटरी की ढलान पर गिरा दिया। इसके बाद हत्या में इस्तेमाल ईंट को झाड़ियों में छिपा दिया। जल्दबाजी में भागते समय उसका अपना मोबाइल घटनास्थल पर छूट गया। वहीं, मृतक का मोबाइल अपना समझकर वह अपने साथ ले गया। बाद में पहचान छिपाने के लिए उसने मृतक के मोबाइल को तोड़कर उसके पार्ट्स नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिए।

28 नवंबर को आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल खून से सनी ईंट और मृतक के क्षतिग्रस्त मोबाइल के पार्ट्स बरामद कर लिए। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में बकेवर पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here