यूपी के मिर्जापुर जिले में अदलहाट थाना क्षेत्र के सिकिया तिराहे के पास बीते शनिवार की देर रात एक भयानक सड़क हादसा हो गया और इसमें 3 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर तौर पर घायल भी हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब राखड़ से लदा एक हाईवा ट्रक बेकाबू होकर सवारियों से भरे ऑटो पर पलट गया जिससे ऑटो में सवार 3 लोगों की जान चली गई, जबकि अन्य 3 लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं जिन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
बता दें कि हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। खबर मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। यह घटना अदलहाट थाना इलाके की नारायणपुर पुलिस चौकी के तहत वाराणसी शक्ति नगर मार्ग पर सिकिया गांव के पास की है। यह ऑटो यात्रियों को लेकर अहरौरा से नारायणपुर की तरफ जा रहा था, तभी ये हादसा हुआ।
जान लें कि जब नारायणपुर बाजार के पास ऑटो ड्राइवर सवारी उतार रहा था। इसी दौरान, पीछे से आ रहा राखड़ लदा हाईवा ट्रक बेकाबू होकर ऑटो के ऊपर पलट गया। थाना अध्यक्ष वैद्यनाथ सिंह के मुताबिक, मृतकों में 52 साल के मोहन राजभर, 35 साल के अंजना और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल है। पुलिस ने तीनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शवों को अंतिम क्रिया के लिए उनके परिजनों को सौंपा जाएगा।
इसके अलावा, शनिवार को ही मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा हो गया था। यहां रोडवेज बस और ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई थी। दरअसल, मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर छजलैट थाना इलाके के लदावली गांव के पास बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भीषण टक्कर टक्कर हो गई थी। दुर्घटना में 4 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग जख्मी हो गए थे। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का एक हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था।








