Home अपराध वृन्दावन में 70 लाख के जेवर समेत मेड गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीटर की पत्नी...

वृन्दावन में 70 लाख के जेवर समेत मेड गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीटर की पत्नी है आरोपी

0
12

जिस महिला पर घर की देखभाल की जिम्मेदारी थी, उसी ने कथित तौर पर कारोबारी के घर में रखे लाखों के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। मथुरा के वृंदावन में करीब 70 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने महिला मेड को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से 2.07 लाख रुपये नकद के अलावा सोने, चांदी और हीरे के कीमती आभूषण बरामद हुए हैं। पुलिस जांच में यह भी पता चला कि गिरफ्तार महिला फिरोजाबाद के एक हिस्ट्रीशीटर की पत्नी है, जो फिलहाल जेल में बंद है।

यह मामला वृंदावन के कृष्णा हाइट्स स्थित एक फ्लैट का है। यहां वी-30 में रहने वाले कारोबारी नारायण प्रसाद अग्रवाल के घर से बड़ी मात्रा में जेवर और नकदी चोरी हो गई थी। घटना के बाद कारोबारी ने 20 नवंबर को वृंदावन थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने घर में काम करने वाली अज्ञात मेड के खिलाफ चोरी की तहरीर दी थी। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने घर में काम करने वाली महिला की भूमिका को लेकर पड़ताल की। साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। रविवार को पुलिस टीम ने रुक्मणि विहार इलाके में दबिश दी और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें -  अतीक-अशरफ हत्याकांड : शूटर अरुण मौर्य के इतिहास को तलाश रहा कादरवाड़ी, किसके इशारे पर की वारदात?

पुलिस के मुताबिक, महिला के कब्जे से 2.07 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा सोने, चांदी और हीरे के आभूषण भी मिले हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अब बरामद सामान और चोरी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

इस मामले में एक और जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला फिरोजाबाद के हिस्ट्रीशीटर सत्यप्रकाश की पत्नी है। सत्यप्रकाश का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, नकबजनी और गुंडा एक्ट समेत कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। वह वर्तमान में जेल में बंद है।

CO वृंदावन प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी महिला को रुक्मणि विहार क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी के 70 लाख रुपये के आभूषण और 2.07 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद महिला को जेल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here