कासगंज: यूपी के कासगंज जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां नामकरण संस्कार के दौरान शराब में मिलाने के लिए पानी नहीं देने पर एक युवक ने 9 साल के बच्चे को गोली मार दी। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बच्चे को अस्पाल ले जाया गया, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मामला सहावर थाना क्षेत्र के याकूतगंज गांव का है। मृतक बच्चे के चाचा अनुज ने बताया कि यह घटना शुक्रवार की है। यहां याकूतगंज के रहने वाले जसवीर गोला के घर में बच्चे का नामकरण संस्कार चल रहा था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कई रिश्तेदार और ग्रामीण भी पहुंचे थे। इस दौरान जसवीर का रिश्तेदार सोरों थाना क्षेत्र निवासी धनेश यादव भी वहां पहुंचा था। अनुज ने बताया कि धनेश शराब पी रहा था और उसने जसवीर के 9 साल के बेटे यशपाल उर्फ यश से पानी लाने को कहा। पुलिस के मुताबिक यश के मना करने पर नशे में धुत धनेश ने आपा खो दिया और यश के पेट में गोली मार दी।
पुलिस ने बताया कि गोली लगते ही कार्यक्रम में भगदड़ मच गई। लहूलुहान यश को आनन-फानन में कासगंज जिला अस्पताल ले जाया गया। बच्चे की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान अगले दिन शनिवार को यश की मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपी मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर तत्काल मामला दर्ज कर लिया गया है। कासगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को खितौली नहर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी बरामद किया गया है। वहीं कासगंज के एएसपी राजेश कुमार भारती ने बताया कि आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।








