Home अपराध स्वास्थ्य कर्मी बनकर अस्पताल में आई बच्चा चोर महिला, नवजात को झोले...

स्वास्थ्य कर्मी बनकर अस्पताल में आई बच्चा चोर महिला, नवजात को झोले में भरकर भागी

0
57

कानपुर के घाटमपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने नवजात बच्चे को चोरी कर अस्पताल से फरार होने का प्रयास किया। महिला ने बेहद शातिराना अंदाज में पहले खुद को स्वास्थ्यकर्मी बताकर परिजनों का भरोसा जीता और फिर मौका पाकर बच्चे को झोले में भरकर भागने लगी।

हालांकि, परिजनों की सतर्कता और अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों की तत्परता से आरोपी महिला को पकड़ लिया गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बम्हौरी गांव निवासी सुशील की पत्नी सुमन ने रविवार को सीएचसी में एक बेटे को जन्म दिया था। परिवार खुशी के माहौल में था और नवजात के साथ वार्ड में मौजूद था। इसी दौरान मास्क लगाए एक संदिग्ध महिला दिन में दो बार वार्ड में पहुंची। उसने खुद को अस्पताल का स्टाफ बताते हुए बच्चे और प्रसूता का हालचाल पूछा। महिला के व्यवहार और बातचीत से किसी को उस पर शक नहीं हुआ।

बताया जा रहा है कि रात करीब नौ बजे महिला ने अपनी योजना को अंजाम देने के लिए परिजनों को झांसे में लिया। उसने कहा कि अस्पताल के बाहर किसी परिचित का एक्सीडेंट हो गया है। यह सुनते ही परिजन घबराकर वार्ड से बाहर चले गए। इसी बीच महिला ने मौके का फायदा उठाया और सुमन के बगल में लेटे नवजात को उठाकर झोले में रख लिया। इसके बाद वह तेजी से अस्पताल से बाहर निकलने लगी।

यह भी पढ़ें -  सॉल्वर गैंग : कभी था नकल माफिया का गुर्गा, अब चला रहा अपना साम्राज्य

कुछ ही क्षण बाद प्रसूता सुमन की नजर बच्चे पर पड़ी तो वह घबरा गई और जोर-जोर से शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर परिजन और आसपास मौजूद लोग सक्रिय हो गए। लोगों ने महिला का पीछा किया और अस्पताल परिसर के पास स्थित गेस्ट हाउस के निकट उसे पकड़ लिया। पकड़े जाने पर भीड़ ने महिला को घेर लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी महिला को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह किसी गिरोह से जुड़ी है या अकेले ही वारदात को अंजाम देने आई थी। वहीं, घटना के बाद अस्पताल प्रशासन में भी हड़कंप मचा हुआ है। सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं और अस्पताल परिसर में निगरानी बढ़ा दी गई है।

घटना के बाद नवजात पूरी तरह सुरक्षित है और परिजन पुलिस तथा स्थानीय लोगों का आभार जता रहे हैं। इलाके में इस घटना की चर्चा पूरे दिन होती रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here