उन्नाव। अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ के तत्वाधान में टीईटी अनिवार्यता के विरोध में चल रहे अनवरत आंदोलन के क्रम में रविवार को “शिक्षक की पाती” कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद उन्नाव में शिक्षकों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ, उन्नाव के जिला अध्यक्ष कृष्ण शंकर मिश्र के नेतृत्व में शिक्षकों के घर-घर जाकर उन्हें इस अभियान के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही शिक्षकों को पोस्टकार्ड वितरित करते हुए उनसे 9 मार्च को माननीय प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री तथा शिक्षा मंत्री को पोस्टकार्ड व ई–मेल के माध्यम से अपनी बात भेजने का आग्रह किया गया।
जिला अध्यक्ष कृष्ण शंकर मिश्र ने कहा कि यह संघर्ष केवल किसी एक संगठन या व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे शिक्षक समाज के सम्मान और भविष्य से जुड़ा हुआ है। उन्होंने सभी शिक्षक साथियों से अपील की कि वे आपसी मतभेदों और व्यक्तिगत समस्याओं को भुलाकर एकजुट होकर इस शिक्षक विरोधी कानून का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि शिक्षक समाज संगठित होकर इस अभियान में भाग लेगा तो निश्चित रूप से सफलता प्राप्त होगी और शिक्षकों की आवाज़ शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुँचेगी।
इस कार्यक्रम में प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय कनौजिया, जिला अध्यक्ष कृष्ण शंकर मिश्र, मदन गोपाल, वीर बहादुर, भीम प्रताप, ज्ञानेंद्र, विजय, रंजीत सिंह, रवींद्र, शैलेन्द्र, संजय सहित जूनियर शिक्षक संघ के विभिन्न शिक्षक साथियों से संपर्क कर अभियान चलाया गया और उन्हें अधिक से अधिक संख्या में पोस्टकार्ड अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर अनेक शिक्षक साथियों ने भी अभियान में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।








