Home अपराध शादी न हो पाने से आहत प्रेमी युगल ने खाया जहर, किशोरी...

शादी न हो पाने से आहत प्रेमी युगल ने खाया जहर, किशोरी की मौत

0
97

शाहजहांपुर। खुटार थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी न हो पाने से आहत प्रेमी युगल ने जहर खा लिया। इससे 17 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि युवक का उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि गांव के एक युवक का 17 वर्षीय किशोरी से प्रेम संबंध था। दोनों अलग-अलग जाति के होने के कारण परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे। छह मार्च की रात दोनों घर से चले गए थे। इस मामले में किशोरी के पिता ने सात मार्च को युवक और उसके पिता के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। बाद में दोनों वापस घर लौट आए थे।

मामले में रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी मिलने पर आठ मार्च को युवक ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को जानकारी हुई तो उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

उधर युवक के जहर खाने की खबर मिलने पर किशोरी ने सोमवार सुबह जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उससे पूछताछ की तो उसने जहर खाने की बात बताई। परिवार वाले उसे उपचार के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी किशोरी ने दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें -  UP Nikay Chunav 2023: अब जीत हो या हार... चुनाव के बाद सबसे सुखद अपना घरबार

घटना की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और परिजनों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोरी के पिता ने बताया कि सात मार्च को बेटी घर वापस आ गई थी और युवक भी अपने घर लौट गया था। नौ मार्च को वह बेटी को लेकर थाने जा रहे थे, तभी उसने जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रवीण मलिक भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। शाहजहांपुर से आई फील्ड यूनिट टीम ने भी मौके पर साक्ष्य एकत्र किए। थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि किशोरी के पिता की ओर से पहले ही युवक और उसके पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here