Home उत्तर प्रदेश ऑनलाइन बुकिंग न होने से गैस एजेंसी के बाहर उमड़ रही उपभोक्ताओं...

ऑनलाइन बुकिंग न होने से गैस एजेंसी के बाहर उमड़ रही उपभोक्ताओं की भारी भीड़

0
20

कानपुर। घरेलू सिलेंडर की बुकिंग चालू नहीं होने के कारण गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं को लंबी लाइन लग रही हैं। कामर्शियल सिलेंडर नहीं मिलने से रेस्टोरेंट, होटल, खानपान की दुकानों में ताला लगा हुआ है जबकि सिलेंडर की आस छोड़ने वाले चाय, खाना, समोसा, पूड़ी छोला के कुछ दुकानदार कोयला की अंगीठी पर काम चला रहे हैं। रविवार को गैस एजेंसियों के बाहर कोई लाइन नहीं दिखी जिससे लोगों ने समझा कि गैस आपूर्ति सामान्य हो गयी है लेकिन सोमवार को एक बार फिर गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी लंबी कतारें देखने को मिलीं।

उपभोक्ताओं का कहना है कि ऑन लाइन बुकिंग नहीं होने के कारण एजेंसी पर लाइन लगाना पड़ रहा है। उधर जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार सिंह का कहना है कि जनपद में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और उपभोक्ताओं को बुकिंग के क्रम के अनुसार नियमित रूप से सिलेंडरों की होम डिलीवरी की जा रही है। प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों की सतत निगरानी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में 11 से 15 मार्च के बीच गैस सिलेंडरों की बुकिंग में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं द्वारा एक साथ बुकिंग कराए जाने के कारण बुकिंग का आंकड़ा अधिक दिखाई दे रहा है, जबकि सिलेंडरों की आपूर्ति पिछले वर्ष की भांति ही है। पिछले वर्ष की तुलना में सिलेंडर आपूर्ति में कमी नहीं है।

5 दिन में पैनिक से 1.76 लाख से बढ़कर 4.90 लाख पहुंची बुकिंग
जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार सिंह का कहना है महानगर में 11 से 15 मार्च 2025 के बीच जनपद में कुल 1,76,722 गैस सिलेंडरों की बुकिंग हुई थी, जबकि इसी अवधि में वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 4,90,658 हो गई। यानी पांच दिनों में बुकिंग लगभग तीन गुना बढ़ गई। इस दौरान 14 मार्च को 1,01,628 और 15 मार्च को 1,02,526 सिलेंडरों की बुकिंग दर्ज की गई, जो सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक है।

सिलेंडर डिलीवरी 11–15 मार्च 2025 बनाम 2026 की तारीखवार तुलना
जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार सिंह का कहना है सिलेंडरों की डिलीवरी लगभग सामान्य स्तर पर है। 11 मार्च 2025 को 20,224 सिलेंडरों की डिलीवरी हुई थी, जबकि 11 मार्च 2026 को 17,454 सिलेंडर वितरित किए गए। 12 मार्च 2025 को 28,999 के मुकाबले 12 मार्च 2026 को 19,353 सिलेंडर दिए गए। 13 मार्च 2025 को 30,977 सिलेंडर वितरित हुए थे, जबकि 13 मार्च 2026 को 26,883 सिलेंडरों की डिलीवरी की गई। 14 मार्च 2025 को 18,200 के मुकाबले 14 मार्च 2026 को 28,457 सिलेंडर वितरित किए गए। इसी प्रकार 15 मार्च 2025 को 17,100 सिलेंडरों की डिलीवरी हुई थी, जबकि 15 मार्च 2026 को 25,126 सिलेंडर वितरित किए गए। कुल मिलाकर 11 से 15 मार्च 2025 के बीच 1,15,500 और इसी अवधि में 2026 में 1,17,273 सिलेंडरों की डिलीवरी की गई है।

यह भी पढ़ें -  शिक्षक घोटाला: माणिक भट्टाचार्य की पत्नी, बेटे की न्यायिक हिरासत बढ़ी

बुकिंग के क्रम से हो रही होम डिलीवरी
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के माध्यम से नियमित रूप से सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों की लगातार निगरानी की जा रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जिसकी बुकिंग पहले है उसे पहले सिलेंडर मिले। बुकिंग के क्रम के अनुसार ही उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी दी जा रही है।

अफवाहों पर ध्यान न दें, पैनिक बुकिंग से बचें
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने लोगों से अपील की है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक पैनिक बुकिंग से बचें। उन्होंने कहा कि जनपद में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है और सभी उपभोक्ताओं को नियमानुसार सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कंट्रोल रूम को 75 शिकायतें प्राप्त, 33 का निस्तारण
जिलापूर्ति अधिकारी ने बताया कि जिलापूर्ति कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम में 16 मार्च 2026 को लैंडलाइन के माध्यम से 57 तथा व्हाट्सएप के माध्यम से 18 शिकायतें प्राप्त हुईं, इस प्रकार कुल 75 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 33 शिकायतों का निस्तारण करते हुए सिलेंडर उपलब्ध करा दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण की कार्रवाई जारी है। उपभोक्ता एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित अपनी शिकायतें लैंडलाइन नंबर 0512-2988763 तथा व्हाट्सएप नंबर 6394616122 पर दर्ज करा सकते हैं। दोनों नंबर पूर्णतः क्रियाशील हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here