Home अपराध खाड़ी देश में नौकरी के नाम पर थमाया फर्जी वीजा, ठगे 1.50...

खाड़ी देश में नौकरी के नाम पर थमाया फर्जी वीजा, ठगे 1.50 लाख

0
175

लखनऊ। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। टूर एंड ट्रैवेल एजेंसी का एजेंट बनकर एक आरोपी ने अंबेडकरनगर निवासी व्यक्ति से खाड़ी देश में नौकरी लगवाने का झांसा दिया और करीब 1.50 लाख रुपये ऐंठ लिए। बाद में आरोपी ने पीड़ित को जाली वीजा थमा दिया। मामले में डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित के आदेश पर सआदतगंज पुलिस ने पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अंबेडकरनगर के जलालपुर निवासी मो. समीर ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2023 में उनका भाई मोहम्मद इमरान खाड़ी देश में नौकरी की तलाश कर रहा था। इसी दौरान उनकी मुलाकात सआदतगंज के कश्मीरी मोहल्ला निवासी मो. अजीम से हुई। समीर के अनुसार, अजीम ने खुद को टूर एंड ट्रैवेल कंपनी का एजेंट बताया और खाड़ी देश में नौकरी के लिए वीजा दिलाने का भरोसा दिया। आरोपी ने वीजा, पासपोर्ट और प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर डेढ़ लाख रुपये की मांग की।

यह भी पढ़ें -  "देश का मामला, विपक्ष का नहीं": अरविंद केजरीवाल ने शरद पवार से की मुलाकात

पीड़ित ने बताया कि आरोपी की बातों में आकर उसने अपने भाई मोहम्मद गुफरान के खाते से आरोपी अजीम के बेटे मो. उजैफ और भतीजे सावेज खान के खातों में मार्च 2024 तक पांच बार में कुल 1,49,999 रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद आरोपियों ने 14 नवंबर 2023 और 8 जनवरी 2024 को दो वीजा की कॉपी दी।

वीजा पर शक होने के बाद पीड़ित ने इसकी जांच कराई तो पता चला कि दोनों वीजा फर्जी हैं। जब उसने आरोपी से रुपये वापस मांगे तो वह लगातार टालमटोल करता रहा और जल्द विदेश भेजने का आश्वासन देता रहा।

पीड़ित ने अंबेडकरनगर और लखनऊ में धोखाधड़ी की शिकायत की। शुरुआती जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद सआदतगंज पुलिस ने मो. अजीम, उसके बेटे मो. उजैफ और भतीजे सावेज खान के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। सआदतगंज इंस्पेक्टर संतोष कुमार आर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here