Home उत्तर प्रदेश 4 अगस्त से शुरू होगी नीट यूजी 2026 की काउंसलिंग, 8 सितंबर...

4 अगस्त से शुरू होगी नीट यूजी 2026 की काउंसलिंग, 8 सितंबर से नया सत्र

0
72

नई दिल्ली: मेडिकल कॉलेज में दाखिले का इंतजार कर रहे नीट यूजी 2026 अभ्यर्थियों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। एमबीबीएस समेत अन्य स्नातक मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया अगस्त से शुरू होगी। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक पहले चरण की काउंसलिंग 4 अगस्त से शुरू होगी, जबकि 2026-27 का नया मेडिकल शैक्षणिक सत्र 8 सितंबर से शुरू होगा।

एमसीसी के अनुसार, डीम्ड और केंद्रीय विश्वविद्यालयों के लिए पहले राउंड की काउंसलिंग 4 अगस्त से 17 अगस्त तक चलेगी। इस चरण में सीट हासिल करने वाले अभ्यर्थियों को 22 अगस्त तक संबंधित संस्थान में प्रवेश लेना होगा।

इसके बाद काउंसलिंग के अगले चरण भी निर्धारित समय के अनुसार आयोजित किए जाएंगे।

नीट यूजी 2026 काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल
डीम्ड और केंद्रीय विश्वविद्यालयों के लिए:

– राउंड 1: 4 अगस्त से 17 अगस्त
– प्रवेश की अंतिम तिथि: 22 अगस्त
– राउंड 2: 24 अगस्त से 2 सितंबर
– राउंड 3: 10 सितंबर से 18 सितंबर
– स्ट्रे वैकेंसी राउंड: 28 सितंबर से 3 अक्टूबर
– स्ट्रे वैकेंसी के बाद प्रवेश की अंतिम तिथि: 10 अक्टूबर

स्टेट कोटा सीटों के लिए भी एमसीसी ने चरणवार कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत पहला राउंड 13 अगस्त से 22 अगस्त तक आयोजित होगा। चयनित उम्मीदवारों को 28 अगस्त तक प्रवेश लेना होगा।

इसके बाद:
– राउंड 2: 31 अगस्त से 8 सितंबर
– राउंड 3: 16 सितंबर से 26 सितंबर
– स्ट्रे वैकेंसी राउंड: 3 अक्टूबर से 5 अक्टूबर

यह भी पढ़ें -  नार्को टेस्ट में आफताब पूनावाला ने कहा, गुस्से में की गई हत्या: सूत्र

एमसीसी के शेड्यूल के मुताबिक मेडिकल कॉलेजों में 2026-27 का नया शैक्षणिक सत्र 8 सितंबर से शुरू होगा। हालांकि, सीटें खाली रहने की स्थिति में उन्हें भरने के लिए निर्धारित काउंसलिंग के बाद के राउंड जारी रहेंगे।

एमसीसी ने सभी भाग लेने वाले मेडिकल संस्थानों, राज्य काउंसलिंग अथॉरिटी और संबंधित एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा का पालन करने के निर्देश दिए हैं। काउंसलिंग प्रक्रिया समय पर पूरी करने के लिए शनिवार, रविवार और राजपत्रित अवकाश को भी कार्य दिवस माना जाएगा।

नीट यूजी 2026 की मेडिकल काउंसलिंग प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी बनाने के लिए एमसीसी ने कुछ अहम बदलाव भी किए हैं।

जिन अभ्यर्थियों को सीट आवंटित हो चुकी है और उन्होंने Upgrade का विकल्प चुना है, उन्हें केवल औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के लिए कॉलेज में फिजिकल रिपोर्टिंग नहीं करनी होगी। उनकी सीट काउंसलिंग सिस्टम में सुरक्षित रहेगी।

सीट छोड़ने के इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित नियमों और समय-सीमा के भीतर एमसीसी पोर्टल के जरिए ऑनलाइन इस्तीफा दे सकेंगे। इसके लिए कॉलेज जाकर आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी।

डीम्ड यूनिवर्सिटी में एनआरआई कोटे के तहत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने की सुविधा मिलेगी।

एमसीसी के मुताबिक इन बदलावों का उद्देश्य मेडिकल प्रवेश प्रक्रिया को ज्यादा सरल, पारदर्शी और छात्र-अनुकूल बनाना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here